राम मंदिर दानराशि गबन मामला: सवालों के घेरे में ट्रस्ट प्रबंधन, क्या निष्पक्ष जांच हो पाएगी?

मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्था में चढ़ावे की सुरक्षा, संग्रहण, गिनती और बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया के लिए बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था होने का दावा किया जाता रहा है. इसके बावजूद यदि लंबे समय तक कथित गड़बड़ी चलती रही. ऐसे में सवालों के घेरे में ट्रस्ट प्रबंधन भी आ चुका है.

अयोध्या स्थित राम मंदिर Image Credit: AI Generated

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित हेरफेर और गबन के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. इस मामले में जहां एक ओर आरोपित कर्मचारियों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है, वहीं दूसरी ओर ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन अधिकारियों और पदाधिकारियों की निगरानी में पूरा सिस्टम संचालित होता रहा, क्या उनकी भूमिका की निष्पक्ष पड़ताल किए बिना सच्चाई सामने आ पाएगी?

मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्था में चढ़ावे की सुरक्षा, संग्रहण, गिनती और बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया के लिए बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था होने का दावा किया जाता रहा है. इसके बावजूद यदि लंबे समय तक कथित गड़बड़ी चलती रही तो यह केवल कुछ कर्मचारियों की करतूत थी या फिर निगरानी तंत्र की बड़ी विफलता, यह जांच का प्रमुख विषय बन गया है.

सवालों के घेरे में ट्रस्ट प्रबंधन

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल सहित समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा तेज है. मंदिर संचालन और वित्तीय व्यवस्थाओं की निगरानी में अहम भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों के सामने यह प्रश्न खड़ा हो गया है कि आखिर इतनी बड़ी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जानकारी समय रहते क्यों नहीं मिल सकी. यदि जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई और यदि जानकारी नहीं थी तो निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.

जांच की निष्पक्षता को लेकर आशंकाएं

मामले के सामने आने के बाद से ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की ओर से सार्वजनिक रूप से बहुत सीमित प्रतिक्रिया देखने को मिली है. यही कारण है कि विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और कुछ याचिकाकर्ताओं ने जांच की निष्पक्षता को लेकर आशंकाएं जतानी शुरू कर दी हैं. उनका तर्क है कि जब जांच का दायरा मंदिर प्रशासन और वित्तीय व्यवस्था तक पहुंच सकता है, तब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष समीक्षा आवश्यक है.

जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या?

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल कथित गबन की रकम का पता लगाना नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम और जवाबदेही की श्रृंखला को समझना भी होगी. यह भी देखा जाएगा कि चढ़ावे की गिनती, रिकॉर्ड संधारण और सत्यापन की प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे तथा किस स्तर पर निगरानी में चूक हुई.

Follow Us