1010 बेड का इमरजेंसी सेंटर, नया OPD और… लखनऊ के लोहिया संस्थान का 855 करोड़ से होगा विस्तार
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट में 1010 बेड का अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर, नया OPD और टीचिंग ब्लॉक बनाने को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है. इस प्रोजेक्ट के लिए योगी सरकार ने ₹855 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है. इससे मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज मिलेगा.
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट के विस्तार की योजना को हरी झंडी मिल गई है. इसके तहत 1010 बिस्तरों वाला मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर, नया OPD और टीचिंग ब्लॉक बनाए जाएंगे. यह परिसर राजधानी के शहीद पथ स्थित गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में स्थित है. यह स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है. इस परियोजना के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा.
200 सीटों वाला नया टीचिंग ब्लॉक बनेगा
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर में कुल 1010 बेड स्थापित किए जाएंगे. इसके साथ ही मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर उपचार व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक नया ओपीडी ब्लॉक भी बनाया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत 200 सीटों की क्षमता वाला नया टीचिंग ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा. इससे चिकित्सा छात्रों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण मिलेगा. साथ ही मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार होगा. इस प्रोजेक्ट से गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार मिलेगा, साथ ही चिकित्सा शिक्षा में सुधार होगा.
मरिजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ
सरकार का कहना है कि इस नई चिकित्सा अवसंरचना के विकसित होने से गंभीर रोगियों को त्वरित और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा. साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को भी राजधानी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इसके अलावा, लखनऊ के अन्य सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा.