CM योगी को ‘धुरंधर’ बताने वालीं MLA पूजा पाल को लेकर क्या बोले अखिलेश?

सपा की बागी विधायक पूजा पाल ने कुछ दिन पहले सीएम योगी आदित्यनाथ को धुरंधर मुख्यमंत्री बताया था. अब अखिलेश यादव ने उनके इस बयान चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें कहीं से टिकट मिल जाए, इसलिए ऐसा बयान दे रही हैं. अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर भी तंज कसते हुए कहा कि वह धुरंधर से भी बड़े धुरंधर हैं. हमारी विधायक (पूजा पाल) को गुमराह कर ले गए.

अखिलेश यादव ( फाइल फोटो) Image Credit:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज प्रेस कांफ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर तंज कसा.  अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह धुरंधर से भी बड़े धुरंधर हैं. वह हमारी विधायक( पूजा पाल) को गुमराह कर ले गए . बताइए हम कहां एफआईआर करें.

कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से सपा की बागी विधायक पूजा पाल ने 24 मार्च को अपने एक बयान में सीएम योगी को धुरंधर मुख्यमंत्री बताया था. उन्होंने कहा था सीएम योगी ने अतीक और मुख्तार अंसारी जैसे माफिया का अंत किया, इसलिए वह जिंदा हैं.

पूजा पाल को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि महिला थीं, इसलिए पहले नहीं निकाला गया. लेकिन बाद में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें मजबूरी में निकालना पड़ा. वह इस तरह के बयान इसलिए दे रही हैं ताकि चुनाव लड़ने के लिए उन्हें कहीं से भी टिकट मिल जाए.

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार का PuchAI के साथ हुए एमओयू (MoU) को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने का कि बीजेपी सरकार में हुई कई सारे एमओयू (MoU) का कोई वित्तीय आधार नहीं दिखता है. हमारी मांग है कि इस सरकार में अब तक हुए सभी एमओयू की जांच कराई जाए.

उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लग रहा है अब तक हुए एमओयू (MoU) जनता को गुमराह करने के लिए किए हुए लग रहे हैं. एआई के नाम पर सरकार भ्रम फैला रही है और एक ऐसी कंपनी का जिक्र कर रही, जो अभी 2025 में बनी है. साथ ही उसकी वेबसाइट 2026 में सामने आई है. कंपनी का जो 5 प्रतिशत इंसेटिव दिख रहा, उससे ही पूरा मामला सामने आ गया.

अखिलेश ने बीजेपी सरकार के मंत्रियों को प्रोपेगेंडा मिनिस्टर भी करार दिया है. उन्होंने कहा हिटलर की सरकार में एक प्रोपेगेंडा मिनिस्टर होता था. लेकिन यहां केंद्र और यूपी के सभी मंत्री प्रोपेगेंडा मिनिस्टर हैं. हर कोई खुद को प्रधानमंत्री समझता.उन्होंने बीजेपी पर विपक्षी पार्टी के नेताओं की छवि खराब करने के लिए अरबों रुपये खर्च करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने लोकभवन में सोफे तोड़े जाने के मामले को लेकर भी कहा कि बीजेपी वाले बताएं, जिस सोफे को तोड़ रहे हैं, वो किसका बनवाया हुआ है? लोकभवन किसका बनवाया हुआ है.

अखिलेश यादव ने महंगाई और गैंस सिलेंडर कि किल्लत को लेकर भी बीजेपी पर तंज कसा है. उन्होंने भाजपा की सरकार ने लोगों को लाइन में लगवाने के अलावा क्या किया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने 14.2 किलो सिलेंडर को घटाकर 10 किलो कर दिया. उन्होंने आगे कहा हमने तो अपने घर में मिट्‌टी के दो चूल्हे बनवा लिए. अब लकड़ी और कोयले से खाना बनाने का इंतजाम भी कर लिया है. उन्होंने आगे कहा अगले एक महीने दिक्कत और रही तो हाल बेहद बुरा होगा.

Follow Us