भैंसों की जब्ती और नीलामी से खफा सपा, विरोध में डीएम को सौंपा ज्ञापन; जानें पूरा मामला
समाजवादी पार्टी ने लखनऊ में अवैध डेयरी की भैंसों की जब्ती और नीलामी का कड़ा विरोध किया है. सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, जिसमें जब्त भैंसों को तुरंत छोड़ने और कथित ₹1 लाख मुआवजे की मांग को गलत बताया गया. सपा का आरोप है कि प्रशासन ने गलत तरीके से कार्रवाई की है और न्यूनतम मूल्य पर भैंसों की रिहाई की मांग की गई है.
राजधानी लखनऊ में नगर निगम और पुलिस की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मुलाकात की. इस डेलिगेशन ने पारा में भैंसों की जब्ती और नीलामी पर रोक लगाने की मांग करते हुए डीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा है. विधायक रविदास मेहरोत्रा और नगर अध्यक्ष फ़ाकिर सिद्दीकी के नेतृत्व में पहुंचे इस डेलिगेशन ने डीएम से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है.
सपा के इस डेलिगेशन में सपा विधायक रविदास मल्होत्रा और नगर अध्यक्ष फ़ाकिर सिद्दीकी के अलावा मुलायम सिंह युद्ध ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीश राजा व कई नेता मौजूद रहे. सपा के डेलिगेशन ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पारा क्षेत्र में पकड़ी गई भैंसों को छोड़ने के लिए ज्ञापन सौंपा. कहा कि इन भैंसों की जब्ती और नीलामी गलत है. इन्हें तत्काल छोड़ा जाना चाहिए. बता दें कि कुछ दिन पहले ही नगर निगम व पुलिस की टीम ने अवैध डेरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में लगभग साढे तीन सौ भैंसों को जप्त किया था.
मांगा एक लाख का मुआवजा
समाजवादी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि जब्त की गई इन भैंसों को छोड़ने के लिए नगर निगम की ओर से मुआवजे के तौर पर एक लाख रुपये की डिमांड की जा रही है. समाजवादी पार्टी का डेलिगेशन ने इसी संबंध में जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांग रखी है. कहा कि इनके ऑक्शन में जो न्यूनतम मूल्य हो, उसी पर भैंसों को छोड़ दिया जाएगा. इसके लिए प्रशासन चाहे तो भैंस मालिकों को पाबंद कर सकता है.
तीन दिन पहले हुई कार्रवाई
राजधानी में अवैध रूप से संचालित डेयरी के खिलाफ तीन दिन पहले बड़ी कार्रवाई हुई थी. इसमें नगर निगम और पुलिस टीम ने पारा इलाके में दबिश देकर करीब तीन सौ भैंसों को जब्त कर लिया था. हालांकि इस दौरान इस टीम पर लोगों ने हमला भी किया. इसमें एक दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बाद 3 थानों की पुलिस, एक कंपनी पीएसी (PAC) बुलाकर इस अभियान को पूरा किया गया था.
