5 दिन तक कोई अलर्ट नहीं, फिर भी UP में होती रहेगी बारिश; गर्मी उमस से मिली राहत
उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, बावजूद इसके कोई आधिकारिक अलर्ट नहीं है. मानसून की ट्रफ लाइन और पूर्वी यूपी में कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश भर में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है. यह बारिश गर्मी और उमस से बड़ी राहत प्रदान कर रही है.
उत्तर प्रदेश में बारिश का अगले पांच दिनों तक कोई अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवार को प्रदेश में आसमान बिलकुल साफ रहेगा. हालांकि कई जगह बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. यही स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रह सकती है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन इस समय उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजर रही है. इसकी वजह से पूरे प्रदेश में बारिश जैसा मौसम बना है और तापमान में गिरावट आई है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक मानसूनी टर्फ की वजह से शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. यह स्थति शनिवार की रात में भी जारी रही. नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ और मुरादाबाद तक शनिवार की रात में हल्की बारिश हुई. उधर, पूर्वी यूपी में भी कई जगह बारिश दर्ज हुई है. इसकी वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है.
लखनऊ में 60 एमएम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में शनिवार को अच्छी बारिश हुई. अमौसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर ही 58.9 मिमी बारिश दर्ज हुई. आज भी यहां बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इसी प्रकार मेरठ के मवाना में 190 एमएम तक बारिश दर्ज हुई है. जबकि मेरठ में शनिवार को 59.3 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक शहर से लेकर गांवों तक हुई इस बारिश की वजह से दिन-रात के तापमान में गिरावट आई है. अगले पांच दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है.
गर्मी से मिली बड़ी राहत
मौसम विभाग के अनुसार बदले मौसम की वजह से गर्मी से बड़ी राहत मिली है. शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह आंकड़ा सामान्य तापमान की अपेक्षा 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने की वजह से यह स्थित बनी है.
