नई रणनीति के साथ यूपी विधानसभा चुनाव में उतरेगी सपा, बूथ स्तर पर तैनात होंगे डिजिटल योद्धा

समाजवादी पार्टी ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बदली है. अब पार्टी पारंपरिक जनसंपर्क के साथ डिजिटल नेटवर्क पर भी जोर दे रही है. इसके तहत बूथ स्तर पर 'डिजिटल योद्धा' तैयार किए जाएंगे, हर बूथ पर 40-50 नए सक्रिय सदस्य जोड़े जाएंगे. यह अभियान संगठन को तकनीक से जोड़ेगा, जिससे पार्टी नेतृत्व को रियल-टाइम जानकारी मिलेगी और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत होगी.

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है. पार्टी अब पारंपरिक जनसंपर्क अभियान के साथ ही डिजिटल नेटवर्क की मजबूती पर जोर दे रही है. इसके लिए एक तरफ प्रदेश भर में घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है. वहीं दूसरी ओर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी के डिजिटल योद्धा तैयार किए जा रहे हैं.

पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर जिला और शहर इकाइयों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके तहत कार्यकर्ता गांव, कस्बों और शहरी मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और समाजवादी पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भावी चुनावी वादों की जानकारी देंगे. अभियान का उद्देश्य जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाना और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है.

हर बूथ पर 40-50 नए डिजिटल सदस्य

सपा ने इस बार संगठन को तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 40 से 50 नए सक्रिय डिजिटल सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है. ये सदस्य मोबाइल एप या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पार्टी से जुड़ेंगे और संगठन की डिजिटल ताकत को बढ़ाएंगे. इन सभी कार्यकर्ताओं का डेटा पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में उपलब्ध रहेगा. इससे पार्टी नेतृत्व को बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी मिलेगी. आवश्यकता पड़ने पर एक क्लिक में सभी कार्यकर्ताओं तक निर्देश, संदेश और चुनावी अभियान से जुड़े अपडेट पहुंचाए जा सकेंगे.

डीपी की पार्टी ने भी ठोका खम

यूपी की राजनीति में बाहुबली डीपी यादव एक बार फिर एंट्री मार दी है. डीपी यादव ने 2027 के चुनाव में 100 सीटों पर उम्मीदवार उतरने का ऐलान किया है. डीपी यादव की पार्टी राष्ट्रीय परिवर्तन दल ने पहले प्रत्याशी गगन यादव संभल में उतारा है. पूर्व सांसद और राष्ट्रीय परिवर्तन दल के अध्यक्ष डीपी यादव ने खुद भी संभल से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. कहा कि अगर किसी गठबंधन पर सहमति नहीं बनती, तो उनकी पार्टी प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.

किससे गठबंधन करेंगे DP?

डीपी यादव ने अपनी पार्टी के गठबंधन को लेकर भी बयान दिया. कहा कि उनकी पार्टी समान विचारधारा वाले दलों से बातचीत कर रही है. यदि गठबंधन होता है तो मिलकर चुनाव लड़ेंगे, और समझौता नहीं होने पर वह अकेले प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे. कहा कि इस चुनाव में उनकी पार्टी ईमानदारी के साथ जनता की आवाज बनेगी और गरीबों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी.

Follow Us