टेस्ट ड्राइव पर निकली महिला ने लखनऊ की सड़कों पर बरपाया कहर, 11 गाड़ियों को मारी टक्कर; कई घायल

लखनऊ की सड़कों पर टेस्ट ड्राइव पर निकली महिला ने कार से 11 गाड़ियों को टक्कर मार दी. हादसे में कई लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार जब्त कर ली और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. यह घटना लखनऊ के थाना गाजीपुर क्षेत्र का है.

हादसे में कई घायल, महिला चालक हिरासत में Image Credit:

लखनऊ के थाना गाजीपुर क्षेत्र में टेस्ट ड्राइव पर निकली एक महिला ने शनिवार को जमकर कहर बरपाया है. डेमो कार चला रही महिला ने अचानक कई गाड़ियों को मारी जोरदार टक्कर मारी, जिसमें कई लोग हुए घायल है. हादसा के वक्त सड़कों पर काफी भीड़ भाड़ थी, महिला के गाड़ी पर नियंत्रण खोने के बाद, वहां पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई थी.

जानकारी के मुताबिक, टेस्ट ड्राइव लेते समय महिला से कार की स्पीड अचानक तेज हो गई थी. महिला की रफ्तार इतनी तेज थी कि 100 मीटर तक लोगों को टक्कर मारती चली गई. हादसे में कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. साथ ही एक दंपति और उनके बच्चों सहित कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एडमिट कराया गया.

महिला के साथ दो लड़के भी थे, घटना के बाद फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी. हादसे के बाद सड़क पर काफी लोग जमा हो गए. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया. साथ ही पुलिस द्वारा गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब पांच बजे की है. डेमो कार इंदिरानगर टाटा गोल्ड ट्रक शोरूम की बताई जा रही है. कार एक महिला चला रही थी, जिसका नाम सुषमा सुनहार है. महिला के साथ कार में दो लड़के भी मौजूद थे. घटना के बाद दोनों लड़के मौके से भाग गए. लेकिन जो महिला कार चला रही थी वह मौके पर ही रुकी रही.

गाड़ी जब्त, महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

थाना गाजीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को संभाला और घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है और महिला से पूछताछ की जा रही है. अभी मामले में किसी के द्वारा तहरीर नहीं दी गई है. अगर किसी पीड़ित के द्वारा तहरीर दी जाती है तो कार्रवाई की जाएगी. 

Follow Us