2027 से पहले ‘अलर्ट मोड’ पर BJP… योगी की चेतावनी, स्मृति का डिजिटल प्लान!
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन को अलर्ट मोड में डाल दिया है. लखनऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सिर्फ सरकार के काम के भरोसे बैठकर चुनाव नहीं जीता जा सकता. उन्होंने विपक्ष के नैरेटिव का मुकाबला करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया. वहीं बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने 29 हजार शक्ति केंद्रों से 10-10 सक्सेस स्टोरी जुटाने का प्लान बताया.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है. लखनऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि सरकार के काम के भरोसे बैठकर चुनाव नहीं जीता जा सकता. वहीं बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्ष के डिजिटल नैरेटिव का जवाब देने के लिए 29 हजार शक्ति केंद्रों से 10-10 सक्सेस स्टोरी जुटाने का प्लान बताया.
यानी बीजेपी अब सरकार के काम को सिर्फ भाषणों में नहीं, बल्कि लाभार्थियों की जुबानी सोशल मीडिया तक पहुंचाने की तैयारी में है. 2027 की चुनावी लड़ाई से पहले बीजेपी ने संगठन को ‘अलर्ट मोड’ पर डाल दिया है. लखनऊ में हुई कार्यशाला में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को दो टूक कहा कि सरकार के काम के भरोसे निश्चिंत होकर बैठने की गलती न करें…. जो सो रहे हैं, वो जाग जाएं.
‘विपक्ष के नैरेटिव से सावधान’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के नैरेटिव से भी सावधान किया. खास तौर पर Gen-Z, Gen Alpha और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर भ्रम फैलाने के विपक्ष के प्रयासों का जिक्र किया. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी लेकर जनता के बीच जाना होगा. योगी ने 2017 के बाद यूपी में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए स्टार्टअप, एयर कनेक्टिविटी और एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को अपनी उपलब्धि बताया.
‘2.9 लाख सक्सेस स्टोरी से जीतेंगे चुनाव’
बीजेपी की रणनीति सिर्फ जमीनी संगठन तक सीमित नहीं है. कार्यशाला में स्मृति ईरानी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विपक्ष के नैरेटिव का मुकाबला करने का प्लान भी सामने रखा. स्मृति ईरानी ने करीब 29 हजार शक्ति केंद्रों से कम से कम 10-10 ‘सक्सेस स्टोरी’ खोजने को कहा है. यानी लाखों लाभार्थियों में से ऐसी वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिनसे सरकार की योजनाओं का असर दिखाई दे. करीब 2.9 लाख कहानियां खोजी जाएंगी.
‘सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल’
इन कहानियों में पीएम आवास योजना से घर पाने वाले परिवार, ODOP से लाभ पाने वाले कारीगर, मुद्रा योजना से कारोबार शुरू करने वाले युवा और ऑपरेशन कायाकल्प से बदले स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को शामिल किया जाएगा. खास बात ये है कि इन लाभार्थियों के करीब एक मिनट के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएंगे. यानी बीजेपी अब योजनाओं का प्रचार सिर्फ नेताओं के भाषणों से नहीं, बल्कि लाभार्थियों की अपनी जुबानी करने की तैयारी में है.
स्मृति ईरानी ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया. प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद करने को कहा गया. केंद्र सरकार के 13 अभियानों को भी प्रभावी तरीके से चलाने का निर्देश दिया गया.
बीजेपी की रणनीति
2027 के चुनाव से पहले बीजेपी की रणनीति के दो अहम हिस्से सामने आए हैं. योगी ने कार्यकर्ताओं को एक्टिव रहने का अलर्ट दिया है, तो स्मृति ईरानी ने सरकार की उपलब्धियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचाने का प्लान. सवाल यही है कि क्या सरकार के काम की ‘सक्सेस स्टोरी’ बीजेपी के लिए 2027 में वोट की कहानी भी लिख पाएंगी?
