‘बच्चों की तरह खेलोगे तो हम भी खेलेंगे तुम्हारे साथ..’, AI वीडियो पर बोले अखिलेश
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच AI वीडियो वॉर शुरू हो गई है. पहले अखिलेश यादव को विलेन के रूप में दिखाने वाला AI वीडियो वायरल हुआ. इसके जवाब में अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का AI वीडियो चलाया और बीजेपी पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उनकी और डिंपल यादव की छवि खराब करने का आरोप लगाया.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासत अब सोशल मीडिया के मैदान में भी तेज हो गई है. AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाए जा रहे वीडियो को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी आमने-सामने हैं. पहले अखिलेश यादव को लेकर एक AI वीडियो सामने आया, जिसमें उन्हें विलेन के तौर पर दिखाया गया और मशहूर फिल्मी गाने की धुन पर उनके कार्यकाल पर निशाना साधा गया.
अब अखिलेश यादव ने उसी अंदाज में पलटवार किया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का AI वीडियो चलाया और बीजेपी को चेतावनी दे दी. अखिलेश ने कहा कि बच्चों का खेल खेलोगे तो हम भी खेलेंगे. यानी चुनाव से पहले यूपी में अब AI वीडियो वार शुरू हो चुकी है. जाहिर है कि यूपी में विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन सियासी जंग अभी से हाईटेक हो गई है. AI से बनाए गए वीडियो के जरिए एक-दूसरे पर हमला बोला जा रहा है.
अखिलेश का AI वीडियो वायरल
पहले एक AI वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव को विलेन के किरदार में दिखाया गया. वीडियो में फिल्मी गाने की धुन का इस्तेमाल करते हुए अखिलेश सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा गया. वीडियो वायरल हुआ तो अब अखिलेश यादव ने भी इसका जवाब उसी अंदाज में दिया.
अपने अंदाज में अखिलेश का पलटवार
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का AI वीडियो मीडिया के सामने चलवाया और बीजेपी पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उनकी और उनकी पत्नी डिंपल यादव की छवि खराब करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने कहा कि आजकल AI से लगातार वीडियो बनाए जा रहे हैं… उनके और डिंपल यादव को लेकर भी इस तरह के वीडियो बनाए जा रहे हैं.
अखिलेश यादव ने सरकार से कहा कि बच्चों का खेल न खेले… अपना पैसा बर्बाद न करे. अखिलेश यादव ने कहा, ‘बच्चों के खेल न खेलें… सरकार से ये अपील है बच्चों का खेल न खेलें… अपना पैसा बर्बाद न करे… क्योंकि बच्चों की तरह खेलोगे तो हम भी खेलेंगे तुम्हारे साथ…’ अखिलेश का तंज कसते हुए कहा, ‘ये हैंडल कौन चला रहा है?… ये बच्चों का खेल न खेलें… हमने तो बच्चों को बहुत पहले लैपटॉप दे दिया था… हम इनसे बहुत आगे हैं.’
अखिलेश ने यहां तक कहा कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से ऐसा वीडियो नहीं बनाने के लिए कहा था, लेकिन जब दूसरी तरफ से लगातार AI वीडियो बनाए जाते रहे तो समाजवादी पार्टी ने भी जवाब देने का फैसला किया. अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी को AI वीडियो बनाने के लिए पैसा खर्च करना पड़ रहा है… जबकि समाजवादी पार्टी के पास इस तरह के वीडियो बनाने की क्षमता पहले से मौजूद है.
अखिलेश यादव ने AI वीडियो के बहाने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार का भी हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में इतनी भ्रष्ट सरकार कभी नहीं आई. यानी AI वीडियो के बहाने शुरू हुई लड़ाई अब सीधे 2027 के चुनावी नैरेटिव तक पहुंच गई है, लेकिन बीजेपी ने भी अखिलेश के आरोपों पर पलटवार किया.
बीजेपी ने दिया जवाब
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी कोशिश कर रही है कि कैसे बीजेपी की छवि समाप्त करने के लिए रोज नया नैरेटिव गढ़ा जाए, झूठ फैलाया जाए… लगातार ऐसी चीजें करने की कोशिश कर रही है, लेकिन झूठ के पांव नहीं होते…’ बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के AI वीडियो वाले हमले को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आरक्षण को लेकर बनाए गए नैरेटिव से जोड़ दिया.
राकेश त्रिपाठी कहा कि बार-बार झूठ फैलाने की कोशिश सफल नहीं होगी. बीजेपी का दावा है कि 2024 में भी आरक्षण खत्म होने का नैरेटिव बनाया गया था… लेकिन जनता ने उसे स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा, ’24 के चुनाव के पहले आरक्षण खत्म हो जाएगा का झूठ बोला गया था… काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती… सपा AI से वीडियो बनाकर छवि खराब करने की कोशिश करे, लेकिन छवि खराब होने वाली नहीं है… क्योंकि छवि जनता के मन और दिल में है…’
दरअसल, 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों ही सोशल मीडिया को बड़ा हथियार मान रही हैं. ग्राउंड पर रैलियों और जनसभाओं के साथ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी नैरेटिव की लड़ाई लड़ी जा रही है. AI ने इस लड़ाई को और दिलचस्प बना दिया है, क्योंकि AI वीडियो में किसी नेता को कुछ ऐसा कहते या करते हुए दिखाया जा सकता है, जो असल में हुआ ही नहीं. यही वजह है कि अखिलेश ने तो साफ कह दिया है, ‘बच्चों की तरह खेलोगे तो हम भी खेलेंगे तुम्हारे साथ…’
