1.5 लाख युवाओं को फ्री फाइनेंशियल स्किल्स की ट्रेनिंग देगी योगी सरकार
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के बीच हुए समझौते के तहत प्रदेश के 1.5 लाख से अधिक युवाओं को मुफ्त वित्तीय साक्षरता और धन प्रबंधन की ट्रेनिंग दी जाएगी. राज्य के 1000 से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों पर युवाओं को बचत, निवेश, बजट प्रबंधन, टैक्स प्लानिंग, बीमा और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी.
उत्तर प्रदेश में अब सिर्फ नौकरी दिलाने के लिए स्किल ट्रेनिंग नहीं दी जाएगी, बल्कि युवाओं को पैसे की समझ भी सिखाई जाएगी. योगी सरकार ने युवाओं को आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई के बीच हुए एक अहम समझौते के तहत प्रदेश के डेढ़ लाख से ज्यादा युवाओं को मुफ्त फाइनेंशियल स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन हुआ है. इस समझौते के तहत प्रदेश भर में यूपीएसडीएम और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के 1000 से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों पर पढ़ रहे करीब 1.5 लाख युवाओं को वित्तीय साक्षरता और वित्तीय प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी.
आर्थिक जोखिमों से करेंगे सचेत
सरकार का मानना है कि आज के दौर में सिर्फ रोजगार पाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कमाई गई आय का सही प्रबंधन करना भी उतना ही जरूरी है. लखनऊ स्थित मिशन मुख्यालय में आयोजित फाइनेंशियल लिटरेसी एंड अवेयरनेस वर्कशॉप में अधिकारियों और कर्मचारियों को भी वित्तीय प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई. मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं और आर्थिक जोखिमों के बढ़ते मामलों को देखते हुए युवाओं को वित्तीय रूप से शिक्षित करना समय की जरूरत बन चुका है.
वित्तीय सफलता के 12 मूल मंत्र
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि कौशल विकास के साथ आर्थिक समझ जोड़ने से युवा सिर्फ नौकरी करने वाले नहीं बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नागरिक बन सकेंगे. एनएसई के विशेषज्ञों ने कार्यशाला के दौरान वित्तीय सफलता के 12 मूल मंत्र भी बताए. इनमें आय से कम खर्च करना, नियमित बचत करना, आपातकालीन फंड तैयार रखना, उच्च ब्याज वाले कर्ज से बचना, नियमित निवेश करना, निवेश में विविधता रखना और जोखिम तथा रिटर्न की सही समझ विकसित करना शामिल है.
‘सारथी ऐप’ की भी जानकारी
इसके अलावा टैक्स प्लानिंग, बीमा, दीर्घकालिक निवेश और समय-समय पर निवेश की समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा. कार्यशाला में ‘सारथी ऐप’ की भी जानकारी दी गई, जो निवेश और वित्तीय शिक्षा के लिए तैयार किया गया डिजिटल प्लेटफॉर्म है. इस ऐप के माध्यम से युवाओं को निवेश संबंधी वीडियो, वित्तीय योजना के टूल्स, कैलकुलेटर और फाइनेंशियल हेल्थ चेकअप जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
युवाओं के लिए गेम चेंजर
सरकार का उद्देश्य है कि युवा अपनी पहली सैलरी से ही बचत, निवेश और आर्थिक सुरक्षा की सही शुरुआत कर सकें. विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं और आर्थिक नुकसान से बचाने में भी मदद करेगी. साथ ही घर खरीदने, कारोबार शुरू करने, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की आर्थिक योजना जैसे बड़े फैसलों के लिए भी उन्हें तैयार करेगी. कौशल विकास के साथ वित्तीय शिक्षा को जोड़ने की यह पहल उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है.