UP में पारा @40°C, पछुआ हवाओं ने कराया लू का एहसास; क्या फिर बदलने वाला है मौसम?
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. आज पारा 40°C के पार पहुंच गया है. पछुआ हवाओं के कारण कई जिलों में लू का एहसास हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क व गर्म रहेगा, जिससे तापमान और बढ़ सकता है. हालांकि, 16 अप्रैल के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश के मौसम में उतार चढ़ाव का दौर बदस्तूर जारी है. एक हफ्ते तक ओलावृष्टि और बारिश के बाद बीते दो दिनों से मौसम में तल्खी आने लगी है. शनिवार को तेज धूप हुई. पश्चिम दिशा से चलने वाली गर्म हवाएं भी चलीं. इसके चलते शनिवार को ही उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवार को भी मौसम शुष्क रहेगा.
इसकी वजह से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. तेज धूप के साथ पछुआ हवाओं से लू चलने का भी एहसास हो सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले तीन दिनों तक मौसम गर्म रह सकता है. खासतौर पर आज यानी रविवार 12 अप्रैल से मौसम पूरी तरह साफ रहने की वजह से तेज धूप होगी. वहीं 30 से 40 किमी की स्पीड से पछुआ हवाएं चल सकती है.
झुलसा सकती है दोपहरी
इसकी वजह से वातावरण में रूखापन तो आएगा ही, दोपहर में लू चलने का एहसास हो सकता है. मौसम विभाग ने ऐसे हालात में मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बलिया और देवरिया समेत 30 से अधिक जिलों के लिए खास अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में दोपहरी की धूप और हवाएं लोगों को झुलसा सकती हैं.
क्यों बढ़ी अचानक गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय उत्तर प्रदेश में कोई वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है. इसकी वजह से सूर्य की तल्ख किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं. इसकी वजह से तापमान बढ़ रहा है. रही सही कसर पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाएं पूरी कर दे रही हैं. इन दोनों परिस्थितियों में वातावरण से नमी गायब हो गई है और दोपहर के समय लू का एहसास हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक रह सकता है. हालांकि 16 अप्रैल के आसपास उत्तर प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की पूरी संभावना है.