फिर पारा पहुंचा 40 डिग्री पार, UP में कब होगी मानूसन की बारिश? आ गया IMD का ताजा अपडेट
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 22 जून तक यूपी में प्रवेश कर सकता है. पूर्वांचल में सोनभद्र से और पश्चिमी यूपी में नोएडा-गाजियाबाद से बारिश की शुरुआत होगी. हालांकि, अच्छी मानसूनी बारिश जुलाई के पहले हफ्ते में होने की संभावना है, जिससे लोगों को स्थायी राहत मिलेगी.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जून महीने की शुरूआत बारिश के साथ हुई, इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत भी मिली. हालांकि अब एक बार फिर गर्मी तेवर दिखाने लगी है. पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. वहीं बांदा समेत बुंदेलखंड के जिलों में तापमान 44 डिग्री से भी अधिक दर्ज किया जा रहा है. इस गर्मी को देखकर अब हर आदमी के दिमाग में एक ही सवाल आ रहा है कि मानसून यूपी में कब आएगा?
इस सवाल का जवाब अब खुद मौसम विभाग ने ही दे दिया है. भारतीय मौसम विभाग का दावा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है. उम्मीद है कि 22 जून तक उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है. इसके बाद पश्चिमी यूपी में मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी. इधर, बंगाल की खाड़ी से चला मानसून भी उसी समय पूर्वांचल में सोनभद्र जिले से एंट्री करेगा.
यहां होगी मानसून की पहली बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की पहली बारिश 22 जून को सोनभद्र में हो सकती है. वहीं अगले 24 घंटे के अंदर गोरखपुर-देवरिया से लेकर बलिया-बनारस तक मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी. उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की शुरूआत नोएडा-गाजियाबाद से होने की संभावना है. हालांकि मानसून आने के बाद भी अच्छी बारिश जुलाई महीने में ही होने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले हफ्ते में पूरे प्रदेश में गरज चमक के साथ अच्छी बारिश होगी.
अभी गर्मी से कब मिलेगी राहत?
इस समय उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से तत्काल किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग के मुताबिक 11-12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्री मानसून की बारिश होगी. इससे तापमान में थोड़ी नरमी आएगी, लेकिन यह राहत एकाध दिन की होगी. इसके बाद फिर से तापमान बढ़ेगा. वहीं गर्मी से राहत मानसून आने के बाद ही मिलने की संभावना है.
