मानसून तो आ गया, फिर क्यों नहीं हो रही बारिश? UP में भीषण गर्मी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून तो आ गया, लेकिन अभी तक मानसून की बारिश जैसे हालात नहीं बने. भारतीय मौसम विभाग के दावों के बावजूद, उत्तर प्रदेश में अब तक व्यापक बारिश नहीं हुई. ऐसे में लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हो गए हैं. कहीं कही हो रही हल्की बूंदाबांदी से नमी बढ़ी है, पर राहत नहीं मिली है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्री-मानसून से भी कमजोर बारिश दर्ज की गई है, और अगले कुछ दिनों तक उमस भरा मौसम जारी रहेगा.
भारतीय मौसम विभाग का दावा है कि उत्तर प्रदेश में तीन दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो चुकी है. गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई. हालांकि इस बारिश में न तो दम था, और ना ही इसका मानसून जैसा दायरा था. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्री-मानूसन से भी कमजोर मानसून की बारिश हुई है. यह जरूर है कि अलग अलग इलाकों में रोज बादल गरज रहे हैं, हल्की फुल्की बूंदाबांदी भी हो जा रही है.
इसकी वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई है. इससे उमस बढ़ गया है. लोग पहले ही गर्मी से परेशान थे, अब उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश में अगले दो दिन भीषण गर्मी और उमस भरे हो सकते है. जिन इलाकों में गुरुवार को हल्की फुल्की बारिश हुई, शुक्रवार को उन इलाकों में फिर गर्मी पड़ी, हालांकि राजधानी लखनऊ के कुछ हिस्सों में शुक्रवार की सुबह अच्छी बारिश हुई, लेकिन उसके बाद तेज धूप भी हो गई.
लखनऊ में तापमान @34.3 डिग्री
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा. बारिश के बाद आर्द्रता भी बढ़कर 71 फीसदी हो गई थी. ऐसे हालात में उमस से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने आज शनिवार को प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश की संभावना जताई है.
छाएंगे बादल, बारिश की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 5 व 6 जुलाई को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि बारिश की उम्मीद कम ही है. 7 से 9 जुलाई के बीच उम्मीद है कि प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि यह बारिश भी पूरे प्रदेश में होने के बजाय अलग अलग हिस्सों में होगी. मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रयागराज से लेकर बलिया-बनारस तक खूब बादल लगे. ऐसा लगा कि बारिश होने वाली है, लेकिन बूंदाबांदी के बाद सब खत्म हो गया.
देखें मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने एक हफ्ते का पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें बताया गया है कि चार जुलाई के बाद छह दिनों तक रोज बारिश का मौसम बनेगा. बादल छाएंगे, गरजेंगे, बिजली भी कड़केगी, लेकिन बारिश की संभावना कम ही है. कुछेक इलाकों में हल्की फुल्की बारिश हो सकती है. सात, आठ व नौ जुलाई को गरज-चमक संग बौछारें पड़ने की संभावना है.
