32 जिलों में बारिश, आंधी भी चलेगी; UP में आ गया मानसून
यूपी में मानसून आ गया है, जिससे 32 जिलों में भारी बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है. तापमान में गिरावट की उम्मीद है, हालांकि कुछ जगहों पर गर्मी बरकरार है. प्रदेशवासियों को आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है.
देर से ही सही, आखिरकार यूपी के सोनभद्र में मानसून ने दस्तक दे ही दी. कहीं धीमी तो कहीं तेज, मंगलवार को ही प्रदेश भर में मानसून की बारिश हुई. आज फिर 32 जिलों में बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग ने कई जिलों में 50 किमी प्रतिघंटे की स्पीड से आंधी चलने की भी संभावना जताई है. इस संबंध में मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने अलर्ट जारी किया है. इसमें कहा गया है कि आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की पहली बारिश प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हुई. कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई तो कहीं हल्की बारिश देखने को मिली. प्रदेश के ललितपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, संत कबीर नगर, बस्ती, श्रावस्ती, हरदोई, बनारस, सोनभद्र के अलावा बुलंदशहर, रामपुर, झांसी, शाहजहांपुर, गोरखपुर और पीलीभीत और नोएडा व गाजियाबाद में बारिश हुई है. इन सभी जिलों में आज फिर बारिश का अलर्ट है. इनके अलावा लखीमपुर खीरी, बहराइच, रामपुर, पीलीभीत, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा में भी बारिश के आसार हैं.
कई जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बिजली कड़कने और कुछ जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई है. खासतौर पर सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, जालौन, महोबा, वाराणसी, जौनपुर, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, मेरठ, आगरा, संभल आदि जिलों में बिजली गिरने का खतरा ज्यादा है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश वासियों को आंधी पानी के वक्त पेड़ों के नीचे या खुले आसमान के नीचे रहने से बचने की सलाह दी है.
सबसे गर्म रहा आगरा
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने गति पकड़ ली है. आजमगढ़, अयोध्या और बरेली आदि जिलों से मानसून गुजर रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक मानूसन की वजह से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है. मंगलवार को प्रदेश के 26 जिलों में बारिश हुई थी. बहराइच में सबसे ज्यादा 104 मिमी बारिश हुई. बावजूद इसके प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी आगरा में दर्ज हुई. यहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
