UP पुलिस परीक्षा में बड़ी चूक, अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर ले गया अभ्यर्थी, 2 दरोगा समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
हापुड़ में पुलिस भर्ती परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक अभ्यर्थी अपने अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर सेंटर के अंदर पहुंच गया. लघुशंका करने का बहाना बनाकर वह शौचालय पहुंचा और काफी देर तक बाहर नहीं निकला. उसके संदिग्ध व्यवहार पर शक होने पर जांच की गई तो उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया. अब इस मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो दरोगा समेत 6 पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया.
यूपी पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को 75.15 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. हालांकि, परीक्षा की शुरुआत के कई सारी गड़बड़ियां भी सामने आईं. ताजा मामला हापुड़ का है. यहां एक अभ्यर्थी ने पुलिसकर्मियों और जांच टीम को चकमा देते हुए मोबाइल फोन अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र में ले जाने में सफलता हासिल कर ली.
हापुड़ में शौचालय का बहाना
हापुड़ के पिलखुवा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन ने चेकिंग के दौरान पुलिस को धोखा दिया. लघुशंका करने का बहाना बनाकर वह शौचालय पहुंचा और काफी देर तक बाहर नहीं निकला. उसके संदिग्ध व्यवहार पर शक होने पर जांच की गई तो उसके पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया.
6 पुलिस कर्मी निलंबित
इस लापरवाही पर हापुड़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो दरोगा समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.आरोपी अभ्यर्थी सचिन के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल और गड़बड़ी के कुल पांच मामले सामने आए हैं. गोरखपुर में दो अभ्यर्थियों को पकड़ा गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. इसके अलावा आजमगढ़ में एक अभ्यर्थी को हिरासत में लिया गया. लखनऊ में भी दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की गई हैं.
परीक्षा के लिए तैनात सुरक्षा तंत्र पर खड़े हुए सवाल
प्रदेश भर में परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद इन घटनाओं ने सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस विभाग की माने तो परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे और चेकिंग प्रक्रिया सख्ती से की जा रही थी, लेकिन हापुड़ की घटना ने सुरक्षा चूक को उजागर कर दिया है.