BJP के ‘टोंटी चोर’ पर अखिलेश का पलटवार, बोले- इन्हें देखकर तो आस्तीन का सांप भी खुद को डस ले

महिला आरक्षण बिल विवाद के बाद यूपी में भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा ने अखिलेश यादव को 'टोंटी चोर' कहा, जिस पर अखिलेश ने करारा पलटवार किया है. उन्होंने भाजपा की मानसिकता को 'विषग्रंथी' बताया और कहा कि उनकी पार्टी का पोस्ट उनके नैतिक पतन का दस्तावेज है.

अखिलेश यादव Image Credit: PTI

संसद में महिला आरक्षण परिसीमन बिल गिरने के बाद उत्तर प्रदेश में बीजेपी और सपा के बीच संग्राम छिड़ गया है. दोनों ही दलों के नेता मर्यादा ताक पर रख एक दूसरे पर जुबानी हमले करने लगे हैं. इसी क्रम में बीजेपी ने अखिलेश यादव के लिए टोंटी चोर और वांटेड बताया है. सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अखिलेश यादव की फोटो लगाते हुए कहा है कि इनकी तलाश है. उधर, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर करारा जवाब दिया है.

उन्होंने लिखा है कि भाजपा और उसके संगी-साथी पराजय स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. अब उनमें ये डर बैठ गया है कि कहीं देश की 95% आबादी से बना पीडीए समाज इनकी करतूतों के खिलाफ ना खड़ा हो जाए. यही सोचकर उनकी रातों की नींद और दिन का चैन छिन गया है. ये हमेशा की तरह भूमिगत होकर बिलबिला रहे हैं. इन नकारात्मक लोगों ने आज़ादी से पहले भी देश से गद्दारी की थी. अंडरग्राउंड रहकर देश को ग़ुलाम बनानेवालों की ग़ुलामी की, स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ चंद पैसों और वजीफे के लालच में मुख़बिरी किया.

संस्कार पर उठाए सवाल

यही काम ये लोग आजादी के बाद भी कर रहे हैं. ये आज भी देश को धोखा देकर अकूत दौलत इकट्ठा करने में जुटे हैं. इन्होंने न तब हिसाब दिया था और न अब दे रहे हैं. देश और समाज के लिए एक गिरोह के रूप में ये एक विशाल ‘विषग्रंथी’ हैं. सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाइयों का जैसा संस्कार है, वैसा ही उनका शब्दकोश है और वैसी ही अभिव्यक्ति. इनकी वर्चस्ववादी सोच पीडीए को सदैव अपशब्दों से संबोधित करती आई है. इसमें कुछ भी नया नहीं है.

नैतिक पतन का दस्तावेज है पोस्ट

पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने अपनी पार्टी के आधिकारिक हैंडल से जो अपमानजनक पोस्ट किया है, वो इनके राजनीतिक और नैतिक पतन का दस्तावेज़ है. यह देश के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज़ हो गया है. उन्होंने कहा कि इनसे घृणित मानसिकता के अलावा कुछ और अपेक्षा भी नहीं करना चाहिए. इनकी मानसिकता देखकर तो आस्तीन का सांप भी खुद को डस ले. उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने एक ऐसी लकीर खींच दी है कि भाजपा में शामिल पीडीए समाज के सांसद, विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और सामान्य सदस्य तक का राजनीतिक भविष्य शून्य हो गया है.

Follow Us