अब बुझेगी धरती की प्यास! UP में 5 दिनों तक रोज बारिश, जानें अपने जिले का मौसम

भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर प्रदेश में अब बड़ी राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे धरती की प्यास बुझेगी और मौसम सुहावना होगा. मौसम विभाग के मुताबिक अब मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, खासकर पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल में भारी वर्षा की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं और बिजली गिरने का भी अनुमान है.

भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी राहत की खबर है. मौसम विभाग ने प्रदेश पर में अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कभी धीमी तो कभी तेज बारिश होगी. इससे धरती की प्यास तो बुझेगी ही, मौसम भी ठंडा हो जाएगा. प्रदेश में बीते दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से लोगों को काफी राहत मिली है. मंगलवार को हुई बारिश के बाद थोड़ा उमस तो है, लेकिन मौसम एकदम सुहावना हो गया. अब मौसम विभाग ने रविवार तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है.

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक इस वीकेंड पर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है. खासतौर पर पूर्वांचल में तेज हवा के झोंकों के साथ बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा अलर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. इसका प्रभाव आगामी 12 जुलाई तक तो साफ नजर आ रहा है. इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश होगी ही, इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने और बिजली गिरने की भी आशंका है.

पश्चिमी यूपी में तीन दिन का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 8 से 10 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं पूर्वांचल के जिलों में इस पूरे हफ्ते खूब बारिश होगी. इस दौरान प्रदेश में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है. वहीं 10 अधिक जिलों में बिजली गिरने के आसार हैं. इस संबंध में मौसम विभाग ने संबंधित जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया है.

दो दिन खूब बरसे बदरा

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी बांदा जिले में थी, लेकिन बीते दो दिनों में सबसे ज्यादा बारिश भी बांदा में ही दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक यहां प्रदेश में सर्वाधिक 61.4 मिलीमीटर (मिमी) बारिश रिकॉर्ड हुई है. वहीं मेरठ में 68.2 मिलीमीटर, वाराणसी (बीएचयू) में 32.2 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 24 मिलीमीटर रिकॉर्ड हुई है. इस दौरान कई जिलों के तापमान में रिकॉर्ड गिरावट भी दर्ज हुई है.

Follow Us