UP में फिर शुरू होगी बारिश! 27 मार्च को बदलेगा मौसम, IMD का नया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 27 मार्च से मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. IMD ने प्रदेश भर में बारिश का अलर्ट जारी किया है. दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेशभर में आंधी-पानी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. हालांकि, इस बारिश से गेहूं, सरसों और आम जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी.

यूपी में बारिश का अलर्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मार्च के आखिरी सप्ताह में मौसम करवट ले सकता है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 27 मार्च से दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसकी वजह से पूरे प्रदेश में आंधी पानी की स्थिति बन सकती है. इस दौरान तापमान में भी तेजी से उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 27 मार्च को पहला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी होगी. धीरे-धीरे इसका असर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी देखने को मिलेगा.

इसी प्रकार दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 29 मार्च को सक्रिय हो सकता है. इसकी तीव्रता भी पहले विक्षोभ से ज्यादा होगी. इसकी वजह से पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है. इस बारिश की वजह से प्रदेश भर में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 29 मार्च के बीच प्रदेश भर में बारिश के साथ कई जगह आंधी-तुफान की स्थिति बन सकती है. इस दौरान तापमान में भी 4-6 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है.

5 डिग्री तक बढ़ा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहा. इसकी वजह से तेज धूप निकली और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी भी हुई. प्रदेश में प्रयागराज सबसे गर्म रहा, जहां पारा 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं वाराणसी में 35.2 डिग्री और झांसी में 34.5 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ. मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार और बृहस्पतिवार को भी तापमान में 2-3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है.

फसलों पर पड़ सकता है असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम में इस बदलाव का असर खेती किसानी पर पड़ सकता है. इससे गेहूं की कटाई प्रभावित हो सकती है. खेतों में तैयार खड़ी सरसों की फसल को भी भारी नुकसान होने की आशंका है. इसी प्रकार आम की फसल को भी यह बारिश नुकसान पहुंचा सकती है. हालांकि प्रदेश के शहरों में यह बारिश गर्मी से राहत लेकर आएगी. इससे वातावरण ठंडा और सुहावना हो जाएगा.

Follow Us