UP में अभी 3 दिन और आफत की बारिश, 20 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट; चिंता में पूर्वांचल के किसान

उत्तर प्रदेश में अगले 3 दिनों तक बेमौसम बारिश और आंधी का कहर जारी रहेगा, खासकर पूर्वांचल में. मौसम विभाग ने 20 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. इस आंधी-पानी की वजह से खेतों में तैयार खड़ी फसलों को भारी नुकसान का खतरा है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह मौसम बदलाव आया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मौसम का कहर बदस्तूर जारी है. तीन दिन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बेहद खराब था, अब पूर्वांचल के जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है. कई जिलों में ओलावृष्टि के साथ बिजली कड़कने व बिजली गिरने का भी खतरा है. इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 2–3 दिनों तक प्रदेश में खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में रेनीडे हो सकता है. इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज सोमवार को राजधानी लखनऊ के अलावा बाराबंकी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर आदि जिलों में तेज बारिश हो सकती है. इसी प्रकार अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, गोरखपुर, बस्ती, जौनपुर के अलावा वाराणसी, मेरठ, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बदायूं, देवरिया, मिर्जापुर, सीतापुर और शाहजहांपुर आदि जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

कई जिलों में गिर सकती है बिजली

मौसम विभाग ने पूर्वांचल के कई जिलों में बिजली कड़कने और बिजली गिरने की आशंका जाहिर की है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 50 किमी से भी अधिक गति से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के इस अलर्ट से किसानों में दहशत की स्थिति है. दरअसल खेतों में फसल तैयार खड़ी है. मौसम खराब होने की वजह से फसलों की कटाई पहले ही बाधित हो चुकी है. वहीं अब, इस आंधी पानी से फसल गिरने का खतरा है.

इसलिए खराब हुआ मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है. इस समय उत्तर प्रदेश के आसमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance)एक्टिव है. जिसकी वजह से बिन मौसम की बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अभी दो दिन ऐसा ही मौसम रहने की आशंका है. इसकी वजह से मौसम ठंडा बना रहेगा.

Follow Us