यूपी में राशन लेने वालों का होगा सम्मान, कोटेदार देंगे VIP सुविधाएं; सरकार खर्च करेगी 60 करोड़

योगी सरकार ने राशन वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है. अब राशन लेने आने वाले कार्डधारकों को कोटेदारों द्वारा बैठने से लेकर पानी तक की खास व्यवस्था होगी. इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी. इस कदम से 3.65 करोड़ राशन कार्डधारकों को फायदा होगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार ने मुफ्त राशन वितरण व्यवस्था में नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है. इसके तहत राशन लेने आने वाले कार्डधारकों को बेहतर सुविधाएं और सम्मान दिया जाएगा. अब राशन वितरण के दिन कोटेदारों को लाभार्थियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करनी होगी. साथ ही पीने का स्वच्छ पानी और गुड़ या पेठा भी उपलब्ध कराया जाएगा.

प्रदेश में करीब 3 करोड़ 65 लाख से अधिक राशन कार्डधारक हर महीने मुफ्त राशन योजना का लाभ लेते हैं. सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई राशन दुकानों पर लाभार्थियों के बैठने, पानी पीने और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. इसी को देखते हुए खाद्य एवं रसद विभाग ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है.

नई व्यवस्था पर हर साल 60 करोड़ होंगे खर्च

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि राशन वितरण केंद्रों पर लाभार्थियों का सम्मानजनक तरीके से स्वागत किया जाएगा. कोटेदार अपने केंद्रों पर कुर्सियां उपलब्ध कराएंगे, जिसके लिए उन्हें सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी. राशन वितरण के दौरान लाभार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल के साथ गुड़ या पेठा रखने की भी व्यवस्था होगी.

उन्होंने बताया कि इस पर आने वाला पूरा खर्च सरकार उठाएगी. सरकार के मुताबिक, इस नई व्यवस्था पर हर साल करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसका उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है, ताकि लाभार्थियों को राशन वितरण केंद्रो पपर किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.

राजनीतिक जानकार बता रहे चुनावी कदम

योगी सरकार का मानना है कि इस पहल से राशन वितरण केंद्रों पर लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें सम्मानजनक माहौल में सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा. वहीं, राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गरीब और जरूरतमंद वर्ग को साधने की दिशा में सरकार का अहम कदम भी मान रहे हैं.

Follow Us