जलधारा के किनारे जॉगिंग और साइकिलिंग ट्रैक, ग्रेटर बरेली में बनेगा कैनाल फ्रंट; ये होगी खासियत

ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में एक नया कैनाल फ्रंट विकसित किया जा रहा है. इसमें जलधारा के दोनों किनारों पर जॉगिंग और साइकिलिंग ट्रैक बनेंगे, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और फूड कोर्ट भी होगा. यह स्थल परिवार के साथ समय बिताने, सैर करने और मनोरंजन के लिए एक बेहतरीन विकल्प होगा, जो बरेली की नई पहचान बनेगा.

बरेली में ऐसा बनेगा कैनाल फ्रंट

उत्तर प्रदेश के बरेली की ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में लोगों को घूमने-फिरने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक नया और खूबसूरत ठिकाना मिलने जा रहा है. बरेली विकास प्राधिकरण यानी बीडीए ने यहां थीम आधारित कैनाल फ्रंट विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है. योजना के सेक्टर एक हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर दो शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजरने वाली जलधारा के दोनों किनारों को विकसित किया जाएगा.

माना जा रहा है कि पीलीभीत रोड के किनारे तैयार हो रहे ग्रेटर बरेली में बनने वाला यह कैनाल फ्रंट शहर की नई पहचान बनेगा. दरअसल बीडीए की योजना के अनुसार जलधारा के दोनों तरफ लोगों के चलने के लिए पैदल पथ बनाए जाएंगे. इसके साथ ही जॉगिंग और साइकिल चलाने के लिए अलग ट्रैक तैयार किए जाएंगे. सुबह और शाम सैर करने वालों के साथ ही फिटनेस पसंद करने वाले लोगों को इससे काफी सुविधा मिलेगी.

सौदर्यीकरण पर जोर

कैनाल फ्रंट को हरियाली और सुंदरता के साथ विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा. कैनाल फ्रंट को सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि परिवार के साथ समय बिताने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी बनाने की योजना है. यहां बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और झूले लगाए जाएंगे. लोगों के बैठने और आराम करने के लिए विश्राम स्थल भी बनाए जाएंगे. इसके अलावा फूड कोर्ट की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है, जिससे लोग घूमने के साथ खाने-पीने का भी आनंद ले सकेंगे.

हराभरा होगा कैनाल फ्रंट

वीडीए के अधिकारियों के मुताबिक जलधारा के दोनों किनारों पर हरियाली विकसित की जाएगी. अलग-अलग प्रजातियों के फूल लगाए जाएंगे और आकर्षक उद्यान तैयार किए जाएंगे. फव्वारे और आधुनिक रोशनी की व्यवस्था भी कैनाल फ्रंट को खास रूप देने के लिए की जाएगी. शाम के समय रोशनी के बीच जलधारा और आसपास की हरियाली लोगों के आकर्षण का केंद्र बन सकती है. यहां हर साल फूलों की प्रदर्शनी लगाने की योजना है. बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के मुताबिक यह शहर की नई पहचान बनेगा.

Follow Us