10 जिलों में आंधी-पानी, 27 में लू का अलर्ट; UP में कोस-कोस पर बदल रहा मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ जहां 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, वहीं 27 जिलों में भीषण लू चलने की भी चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने से तापमान 42°C पार जा सकता है, जिससे दिन के साथ रात में भी गर्मी से सुकून नहीं मिलेगा. भारतीय मौसम विभाग ने इसके लिए विशेष अलर्ट जारी किया है.
एक पुरानी कहावत है कि कोस-कोस पर बदले पानी, लेकिन उत्तर प्रदेश में इस समय पानी बदले या ना बदले, मौसम जरूर बदल रहा है. आज शनिवार को ही प्रदेश के 10 जिलों में जहां आंधी-पानी का अलर्ट है, वहीं 27 जिलों में लू चलने की भी चेतावनी जारी हुई है. वहीं बाकी जिलों में भी आज के बाद तापमान में तेजी से इजाफा होने का संकेत है. इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने की वजह से मौसम में तेजी से बदलाव होगा.
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब खत्म होने का है. इसकी वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज आसमान पूरी तरह साफ होगा. सूरज की किरणें धरती पर सीधी पड़ेंगी. इससे तापमान बढ़ जाएगा. रही सही कसर पश्चिम दिशा से चलने वाली शुष्क हवाएं पूरी कर देंगी. इससे नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद तक लू चलने की स्थिति बन सकती है. हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज थोड़ी राहत है.
42 डिग्री के पार जा सकता है तापमान
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में आज आंधी पानी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 10 से अधिक जिलों में तेज आंधी, बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. इन जिलों में अभी तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा, लेकिन अगले एक-दो दिनों में यहां भी पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ तेज धूप और लू वाली स्थिति बन सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, आगरा, इटावा और जालौन आदि जिलों में आज तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.
रात में भी नहीं मिलेगा सुकून
मौसम विभाग के मुताबिक तापमान बढ़ने के साथ ही गर्म पछुआ हवाएं भी लोगों को परेशान कर सकती है. चूंकि न्यूतनम तापमान में भी इजाफा होगा और अधिकतम तापमान का अंतर हो जाएगा. ऐसी स्थिति में रात को भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसी स्थिति में दिन के समय तो सड़क पर निकलना मुश्किल होगा ही, रात के समय भी चैन और सुकून नहीं मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर सबसे अधिक रहने की संभावना है.
इन जिलों में आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आगरा, मथुरा, कानपुर, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, मऊ, बलिया, कौशाम्बी, फतेहपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों में आज आंधी पानी का अलर्ट है. इनमें कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है. वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, चित्रकूट और भदोही में भी आंधी आ सकती है.