नोएडा-गाजियाबाद में बूंदाबादी, लखनऊ-गोरखपुर में आंधी बारिश; IMD का UP के 35 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी है. मौसम विभाग ने नोएडा-गाजियाबाद, लखनऊ, गोरखपुर समेत 35 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही यह बारिश किसानों के लिए फसल नुकसान का खतरा बढ़ा रही है, हालांकि शहरी क्षेत्रों को गर्मी से राहत मिली है. यह मौसमी बदलाव 8 अप्रैल तक जारी रहेगा.

यूपी का मौसम Image Credit:

उत्तर प्रदेश में बिन मौसम की बारिश का दौर जारी है. नोएडा-गाजियाबाद में रविवार की सुबह-सुबह बूंदाबादी हुई. वहीं लखनऊ, अयोध्या और गोरखपुर समेत 35 से अधिक जिलों में आज तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने प्रदेश का ताजा मौसम बुलेटिन जारी किया है. इसमें दावा किया गया है कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर में तेज बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग ने प्रदेश के इन दोनों हिस्सों में नोएडा गाजियाबाद समेत करीब 35 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चल सकती है. इनमें से कुछ जिलों में आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे से अधिक हो सकती है. इस दौरान कई जिलों में बिजली कड़कने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई है. नोएडा-गाजियाबाद में तो सुबह पांच बजे से हल्की बारिश की शुरूआत भी हो गई.

पूर्वांचल में भी बदला मौसम

मौसम में इस बदलाव का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड ही नहीं, पूर्वांचल भी नजर आने लगा है. प्रदेश के इस हिस्से में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं. कई जगह तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आज गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और अंबेडकर नगर आदि जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा है. इस दौरान धूल भरी आंधी भी चल सकती है.

इसलिए बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है. रही सही कसर अरब सागर से उठ रही आद्रता पूरी किए दे रही है. इन परिस्थितियों के चलते उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के हालात बन गए हैं. इस मौसम का फायदा शहरी क्षेत्रों में गर्मी से राहत के रूप में मिल रही है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में किसानों को काफी नुकसान हो रहा है. तेज हवा और बारिश की वजह से फसलों के गिरने का खतरा प्रबल हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में यह उतार चढ़ाव 8 अप्रैल तक जारी रह सकता है.

Follow Us