अगले 3 दिनों तक न बारिश, ना कोहरा; UP से विदा हो गई सर्दी! देखें IMD का अलर्ट

उत्तर प्रदेश से सर्दी अब विदा हो चुकी है. IMD ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के लिए ग्रीन अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक न बारिश होगी और न ही कोहरा छाएगा. तापमान में वृद्धि और चटख धूप के कारण मौसम में वसंत का प्रभाव बढ़ रहा है. हालांकि, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी.

आज का मौसम

उत्तर प्रदेश का मौसम तेजी से बदल रहा है. शनिवार की सुबह मौसम बिलकुल साफ रहा. तापमान भी सामान्य के करीब रहा. हालांकि हवा में थोड़ी गलन वाली ठंड थी. मौसम विभाग के मुताबिक हाल में हुई बारिश के बाद कोहरा और ठंड का असर अब खत्म होने को है. मौसम में वसंत का प्रभाव बढ़ने की वजह से तापमान सामान्य होने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताजा परिस्थितियों को देखते हुए अगले तीन दिनों तक के लिए ग्रीन अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक इन तीन दिनों में ना तो बारिश की कोई उम्मीद है और न ही कोहरा ही पड़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक इन तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढोत्तरी की संभावना है. हालांकि इन तीन दिनों के बाद अगले दो दिनों में पारा दो डिग्री तक लुढक भी सकता है. बावजूद इसके यूपी में बारिश की संभावना ना के बराबर है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले सप्ताह में रोज धूप खिलेगी, इससे दिन का तापमान बढ़ा रहेगा.

सर्द हवाओं का रहेगा प्रभाव

चूंकि उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली सर्द हवाओं की वजह से गलन का प्रभाव रहेगा, इसलिए दिन ढलने के साथ थोड़ी गलन के साथ ठंड पड़ेगी और सुबह और शाम की सर्दी बनी रहेगी. इस दौरान तराई वाले कुछ जिलों में हल्का कोहरा भी छा सकता है. हवाएं भी 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है. इन हवाओं के प्रभाव से लखनऊ में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.

ये मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक आज पूर्वांचल में मौसम साफ रहेगा. बलिया, वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर आदि जिलों में धूप खिलेगी. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, मथुरा, नोएडा और गाजियाबाद आदि जिलों में भी चटखदार धूप निकलने की संभावना है. IMD के मुताबिक आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में तो कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन अधिकतम तापमान में थोड़ा इजाफा हो सकता है.