UP में आज फिर रेनी डे! 30 जिलों में हल्की बारिश, 60 की स्पीड में चल सकती हैं हवाएं, जानें आगे का हाल
उत्तर प्रदेश में आज 30 से अधिक जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बिजली कड़कने की भी आशंका है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है. यह बदला मौसम पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है, जिसने प्रदेशभर में मई जैसी गर्मी को कम किया है.
उत्तर प्रदेश में इस हफ्ते की शुरूआत रेनी डे के साथ हो रही है. आज प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं. वहीं प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज हवाएं भी चलेंगी. इसकी वजह से तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. इस बदले हुए मौसम में प्रदेश वासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है. भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने कुछ जिलों में बिजली कड़कने की भी आशंका जाहिर की है.
होली के पहले ही उत्तर प्रदेश में गर्मी शुरू हो गई थी. देखते ही देखते प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था. स्थिति यहां तक आ गई थी कि मार्च के पहले ही हफ्ते में लोगों को मई जैसी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था. हालांकि एक नई पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रविवार को ही प्रदेश में मौसम पूरी तरह से बदल गया. मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहेंगे. तेज हवाएं चलेंगी और जगह जगह गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
कई जिलों में हो सकती है ओलावृष्टि
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार 16 मार्च को पूर्वांचल के जिलों में आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि की पूरी संभावना है. इसी प्रकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में भी कई जगह आंधी पानी के आसार हैं. इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ जिलों में बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की भी संभावना है. मौसम विभाग ने इस मौसम का फसलों पर बुरा असर पड़ने की आशंका जाहिर की है.
बंद हुए एसी-पंखे
बदले मौसम में नोएडा-गाजियाबाद से लेकर अयोध्या-लखनऊ तक गर्मी से बड़ी राहत मिली है. रविवार की रात उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली तेज हवाओं की वजह से मौसम काफी ठंडा हो गया था. इसकी वजह से राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया. ऐसी स्थिति में रात में सोते समय लोगों को एसी-पंखे आदि बंद करने पड़ गए. मौसम विभाग के मुताबिक इस समय प्रदेश में अधिकतम तापमान गिरकर 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.
अब बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ प्रदेश में एक बार फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं. हालांकि 21 मार्च तक मौसम में उतार चढ़ाव बना रह सकता है. इस दौरान प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार की वजह से तापमान में भी उतार चढ़ाव की स्थिति बन सकती है. डॉक्टरों ने ऐसे मौसम को देखते हुए बच्चे और बुजुर्गों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहने की अपील की है.