आज फिर 56 जिलों में आंधी-पानी, नोएडा से वाराणसी तक बदला मौसम; जानें अपने शहर का हाल
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश जारी है. आज फिर 56 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट है. पश्चिमी विक्षोभ और नम हवाओं के कारण हुए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है. नोएडा से वाराणसी तक तापमान गिरा है, लेकिन सोमवार से पारा फिर चढ़ने की संभावना है. अपने शहर का ताजा मौसम हाल जानें.
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश बदस्तूर जारी है. प्रदेश भर में आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि हो रही है. इसी क्रम में भारतीय मौसम विभाग ने आज फिर यूपी के 56 जिलों में आंधी पानी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक मौसम में हुए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है. मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से उठती नम हवाओं के साथ ही एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है.
इन्हीं परिस्थितियों में शनिवार को नोएडा-गाजियाबाद से लेकर बलिया बनारस तक आंधी पानी की स्थिति देखने को मिली. पूरे दिन पुरवा हवाएं चलीं. आसमान में बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही. इसकी वजह से अधिकतम तापमान 8 डिग्री गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया. वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हुई है. शनिवार-रविवार की रात तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आज इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 56 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है. इनमें बलिया-बनारस से लेकर लखनऊ लखनऊ तक के जिले शामिल हैं. मौसम विभाग ने आज कानपुर, प्रयागराज, देवरिया, गोरखपुर, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, पीलीभीत, मुजफ्फनगर, बरेली, हमीरपुर और महोबा आदि जिलों में भी आंधी-पानी की संभावना जताई है. हालांकि आज हवा की रफ्तार थोड़ी कम होगी, फिर भी 40 से 50 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं.
फिर बढ़ेगा तापमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज उत्तर प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा. हालांकि कल यानी सोमवार से मौसम में फिर से तल्खी आ सकती है. धीरे धीरे तापमान बढ़ना शुरू होगा. ऐसी संभावना है कि सोमवार को ही चटखदार धूप होगी. इससे पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.