यूपी में आज रेनी डे… रात में कोहरा, सुबह गिरे ओले और बारिश; देखें IMD का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है. पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद पश्चिमी यूपी में आज बारिश, ओले और कोहरा छाया रहा, जबकि पूर्वी यूपी में सर्द हवाओं ने ठिठुरा दिया. तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड ने एक बार फिर वापसी की है. IMD ने 3 फरवरी तक बारिश व ठंड जारी रहने की संभावना जताई है. इसी क्रम में नोएडा-गाजियाबाद के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

यूपी में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश का मौसम आज कुछ बदला-बदला सा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज रेनी डे है. कहीं ओले पड़ रहे हैं तो कहीं झमाझम बारिश हो रही है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है. अभी हाल ही में यूपी का तापमान बढ़ने लगा था. इससे लोग अनुमान लगाने लगे थे कि ठंड की विदाई होने वाली है, लेकिन ताजा परिस्थितियों के चलते ठंड ने एक बार फिर वापसी की है.

शनिवार की सुबह प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कहीं घना कोहरा छाया रहा तो कहीं मौसम बिलकुल साफ नजर आया. रविवार की सुबह भी तो स्थिति और भी खराब रही. नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद तक शनिवार की शाम को घना कोहरा छाया रहा. वहीं आधी रात के बाद खूब ओले गिरे और छोटे छोटे पॉकेट में हल्की से मध्यम बारिश हुई. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में काशी-प्रयागराज से लेकर अयोध्या लखनऊ तक बादल छाए हैं.

सर्द हवाओं ने ठिठुराया

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज पूरे दिन रेनी डे रहने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलेंगी. कई जिलों में आसमानी बिजली भी गिरने के आसार हैं. यह परिस्थिति पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बनी है. मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम है. इसी प्रकार रात का तापमान भी गिरकर 8.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था.

आज और गिरेगा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है. ऐसे में उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवाओं की वजह से मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है. ठंड बढ़ सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक तीन फरवरी तक उत्तर प्रदेश के अलग अलग इलाकों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान ठंड से भी परेशानी हो सकती है.

नोएडा गाजियाबाद में येलो अलर्ट

मौसम के ताजा हालात को देखते हुए नोएडा और गाजियाबाद में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक आज इन दोनों शहरों में बारिश का दौर जारी रहेगा. इससे न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री और अधिकतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.