UPSC टॉपर शक्ति दुबे को योगी सरकार ने दी तैनाती, जानिए किस जिले में बनीं ट्रेनी IAS
योगी सरकार ने UPSC टॉपर शक्ति दुबे समेत 21 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को तैनाती दी है. फेज-1 प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये अधिकारी सहायक मजिस्ट्रेट/कलेक्टर के रूप में विभिन्न जिलों में नियुक्त हुए हैं. शक्ति दुबे को मुरादाबाद में सहायक कलेक्टर बनाया गया है. सभी 17 अप्रैल 2026 को अपने आवंटित जिलों में रिपोर्ट करेंगे और डीएम के अधीन जनपद प्रशिक्षण पूरा करेंगे.
उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में 21 नए आईएएस (प्रशिक्षु) अधिकारी शामिल हो गए हैं. प्रोफेशनल कोर्स फेज-1 पूरा कर चुके 2025 बैच के इन आईएएस अधिकारियों को अब जनपद प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है. इन्हें योगी सरकार ने सहायक मजिस्ट्रेट और सहायक कलेक्टर के रूप में तैनाती दे दी है. यूपी कैडर के इन प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों में UPSC टॉपर शक्ति दुबे का भी नाम है.
इन सभी अधिकारियों को यह जानकारी उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव अरुणेश कुमार द्विवेदी ने एक पत्र के माध्यम से दी गई है. इस पत्र के मुताबिक शक्ति दुबे को मुरादाबाद में सहायक कलेक्टर बनाया गया है. वहीं कोमल पुनिया को इटावा, आदित्य विक्रम अग्रवाल को अयोध्या, मयंक त्रिपाठी को कुशीनगर, हेमंत को आगरा, संस्कृति त्रिवेदी को हरदोई, रिया सैनी को वाराणसी, शिवांश सुभाष जगाड़े को बलरामपुर में तैनाती दी गई है.
इन अधिकारियों को भी मिला जिला
इसी प्रकार शिवम सिंह को प्रयागराज, सलोनी गौतम को मथुरा, मुकुल खांडेलवाल को गोरखपुर, थनीगैयारासन टी. को अम्बेडकर नगर, संदीप कुमार को कानपुर नगर, रामभ्रोश, सरन को सहारनपुर, सिद्धार्थ सिंह को आजमगढ़, श्वेता को लखनऊ, रेखा सियाक को बांदा, आयुष जायसवाल को अलीगढ़, अपूर्वा सिंह बस्ती, आयुष सैनी को झांसी और विद्यांशु शेखर झा को बाराबंकी में पहली तैनाती दी गई है.
17 अप्रैल को रिपोर्ट करेंगे ये अफसर
उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के मुताबिक ये सभी ट्रेनी अफसर 17 अप्रैल 2026 को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी से निकलकर अपने लिए आवंटित जिले में रिपोर्ट करेंगे. वहां डीएम के अंडर में अपनी जनपद ट्रेनिंग पूरी करेंगे. इन अधिकारियों के लिए आवश्यक यात्रा, व्यवस्था/ मदद करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने कार्मिक विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार को नोडल अधिकारी बनाया है.