घने कोहरे की चपेट में UP के 10 जिले, पछुआ हवा भी हुई बंद; जानें आज क्यों बदला मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है, जिससे तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है. भारतीय मौसम विभाग ने तराई वाले 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 अन्य जिलों में खराब मौसम की आशंका जताई है. राजधानी लखनऊ समेत उत्तरी यूपी में रातें ठंडी होंगी, हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद है.

यूपी में छाया घना कोहरा

उत्तर प्रदेश में मौसम झटके पर झटके दे रहा है. आज सोमवार को एक बार फिर पूरे प्रदेश के तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है. वहीं प्रदेश के तराई वाले इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. वहीं 13 अन्य जिलों में मौसम खराब रहने का अंदेशा जाहिर किया है. इसी प्रकार बाकी के 52 जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक तराई वाले जिलों गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के इलाकों में आज घना कोहरा छाया रहेगा. इन जिलों में सुबह के वक्त दृष्यता 10 मीटर से भी कम रह सकती है. इसी प्रकार बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, संत कबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, अंबेडकर नगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि इस दौरान तापमान में ज्यादा परिवर्तन होने की कोई संभावना नहीं है.

रातें होंगी ठंडी

मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के उत्तरी हिस्से में तापमान एक से दो डिग्री तक गिर सकता है. वहीं दक्षिणी हिस्से के तापमान में कोई फर्क पड़ने की संभावना ना के बराबर होगी. राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 1 डिग्री गिरावट के साथ 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इसी प्रकार नोएडा गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहेगा. वहीं अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.

हवा चलने से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने की वजह से प्रदेश में एक बार फिर कोहरे ने वापसी की है, लेकिन जैसे ही ये हवाएं जोर पकड़ेंगी, कोहरा साफ हो जाएगा. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश में सुबह शाम की ठंड तो अभी बनी रहेगी, लेकिन अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 फरवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है.

Follow Us