पूर्वांचल में थमा बारिश का दौर, पश्चिमी जिलों में अभी बरसेंगे बदरा; जानें अगले दो दिन का मौसम
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है. पश्चिमी यूपी के जिलों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं, जबकि पूर्वी इलाकों में मानसून कमजोर पड़ने लगेगा.
उत्तर प्रदेश में मानसून जोर पर है. हालांकि पूर्वांचल में आज बारिश होने की उम्मीद कम ही है. इधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का मौसम बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का पैटर्न बदलता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर हो सकती हैं. हालांकि पश्चिमी यूपी और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे जिलों में अभी भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है. पश्चिमी यूपी के जिलों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं, जबकि पूर्वी इलाकों में मानसून कमजोर पड़ने लगेगा. पश्चिमी यूपी के मेरठ से लेकर नोएडा गाजियाबाद तक में शुक्रवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा. कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही. गुरुवार रात मेरठ में करीब 23.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी.
मेरठ में 18 एमएम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार की शाम 5:30 बजे तक मेरठ में 18.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. अगस्त के शुरुआती सात दिनों में ही यहां कुल 123.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है. यह पूरे अगस्त में होने वाली औसत बारिश का लगभग आधा हिस्सा माना जा रहा है. शुक्रवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के कारण मौसम में ठंडक रही और लोगों को उमस से कुछ राहत मिली.
आज कमजोर पड़ा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से यूपी के कई जिलों में मानसून की गतिविधियां कमजोर हो सकती हैं. हालांकि इसका मतलब पूरी तरह बारिश बंद होना नहीं है. कई जगहों पर छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लखनऊ समेत मध्य यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं.पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार तक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. मध्य प्रदेश से सटे यूपी के जिलों में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत ज्यादा बनी हुई है.
फिर बढ़ेगी उमस
बारिश से तापमान में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन धूप निकलने के बाद उमस एक बार फिर परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार तेज धूप और बीच-बीच में बारिश के चलते वातावरण में नमी काफी बढ़ सकती है. कई इलाकों में आर्द्रता 90 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है. ऐसे में बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है.