‘कयामत के दिन तक भी बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा… कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे’, बोले CM योगी

बाराबंकी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए बाबरी ढांचे पर बड़ा बयान दिया. योगी ने कहा, 'हम आज फिर कहते हैं कि कयामत के दिन तक भी बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी नहीं होगा.' उन्होंने बाबरी पुनर्निर्माण का सपना देखने वालों पर तंज कसते हुए कहा, 'ऐसे लोग सड़-गल जाएंगे, वह दिन कभी नहीं आएगा.'

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit: फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबरी को लेकर बड़ा बयान दिया. बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, ‘यह सरकार जो बोलती है कर के दिखाती है, जितना करती है उतना ही बोलती है। हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे… कोई संदेह है… हम आज फिर इस बात को कह रहे हैं कि कयामत के दिन तक भी, कयामत का दिन तो कभी आना नहीं है, इसलिए बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी होना ही नहीं है.’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है और यह अब स्थापित सत्य है. वहीं, बाबरी ढांचे के पुनर्निर्माण के सपने देखने वालों पर सीएम योगी कहा, ‘बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी होना ही नहीं है… जो कयामत के दिन आने का सपना देख रहे हैं, ऐसे ही सड़-गल जाएंगे, कभी वह दिन आने वाला नहीं है.’ सीएम योगी ने इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले और जनभावनाओं का सम्मान बताते हुए पुष्ट किया कि अब कोई बदलाव संभव नहीं है.

‘कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे’

सीएम योगी ने कहा, ‘ऐसे लोगों से कहना चाहेंगे कि कयामत के दिन के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो, क्योंकि कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे… अयोध्या में 500 वर्षों के बाद एक गौरवशाली क्षण आया है.. इन वर्षों में अनेक राजा-महाराजा और सरकारें आईं, लेकिन किसी ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए गंभीर प्रयास नहीं किया… कुछ लोग संकट के समय ही भगवान राम को याद करते हैं और बाद में भूल जाते हैं, इसलिए भगवान राम भी अब उन्हें भूल चुके हैं.’

राम मंदिर के केसरिया ध्वज का जिक्र

सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 नवंबर 2025 को अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर केसरिया (भगवा) ध्वज फहराने का जिक्र किया, जिसे सनातन धर्म की परंपरा और भारत के गौरव का प्रतीक बताया. यह ध्वजारोहण विवाह पंचमी के अवसर पर हुआ, जहां पीएम मोदी ने कहा था कि राम मूल्य, मर्यादा और दिशा हैं, और यह ध्वज भारत की विरासत को हमेशा ऊंचा रखेगा. योगी ने कहा कि यह केसरिया ध्वज सनातन धर्म की परंपरा को मजबूती देगा.

योगी बोले- बांटने वालों से सावधान रहें

इससे पहले सीतापुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था, ‘सनातन कमजोर होगा तो देश कमजोर होगा… देश कमजोर होगा तो सनातन के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा होगा, इसलिए बांटने वालों से सावधान रहें.’ उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में मरने और जलाए जाने वाले हिंदुओं पर सभी मौन हैं… मरने वाले दलित हिंदू हैं… धर्माचार्यों व कुछ हिंदु संगठनों को छोड़ दिया जाए तो कोई मानवाधिकार या दुनिया का संगठन उनकी वकालत करने वाला नहीं है.

‘अंगुली पकड़कर गला दबाने का प्रयास किया’

सीएम योगी ने कहा था, ‘दुनिया में तमाम सभ्यता-संस्कृति समय के साथ समाप्त हो गई, लेकिन सनातन संस्कृति तमाम तूफानों को झेलते हुए आज भी गरिमा-गौरव के साथ खड़ी है और दुनिया को मैत्री, करुणा के साथ वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दे रही है… इसे तोड़ने के लिए अनेक प्रयास हुए.. कुछ लोगों ने शरणार्थी धर्म का निर्वहन नहीं किया, बल्कि यहां आकर हाथ की अंगुली पकड़कर गला दबाने का प्रयास किया और देश को लूटने में कसर नहीं छोड़ी.’

‘हम जहरीले सांप को भी दूध-बताशा चढ़ाते हैं’

सीएम योगी ने कहा था, ‘सनातन धर्मावलंबियों के पास बल, वैभव व बुद्धि भी थी, लेकिन कभी दुरुपयोग नहीं किया, बल्कि इसका उपयोग मानव कल्याण के लिए किया. वसुधैव कुटुम्बम् का भाव सनातन धर्मावलंबियों के जीवन का व्रत है. हमने चराचर जगत के कल्याण की बात की है. हमारे यहां पहला ग्रास गोमाता और अंतिम ग्रास कुत्ते का होता है. गाय और कुत्ते को भी हमने अपना हिस्सा प्रदान किया है. चींटी को आटा-चीनी तो जहरीले सांप को भी दूध-बताशा चढ़ाते हैं.’