किससे बदला लेने वाला था मनीष? तांत्रिक से सीख रहा था मारण मंत्र, मथुरा सामूहिक सुसाइड केस में नया एंगल
मथुरा सामूहिक सुसाइड केस में चौंकाने वाला नया मोड़ आया है. पता चला है कि परिवार का मुखिया मनीष किसी से बदला लेने के लिए तांत्रिक से मारण मंत्र सीख रहा था. पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि आर्थिक तंगी नहीं, बल्कि प्रतिशोध इसका कारण हो सकता है. पुलिस एक तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
उत्तर प्रदेश में मथुरा के सामूहिक सुसाइड केस में नया एंगल आ गया है. इसमें पता चला है कि घर का मुखिया मनीष किसी से बदला लेना चाहता था. इसके लिए उसने एक तांत्रिक से मारण मंत्र सीख रहा था. यह खुलासा मनीष के चचेरे भाई अमित ने पुलिस की पूछताछ में किया है. बताया कि मनीष के घर में ना तो आर्थिक तंगी थी और ना ही कोई समाजिक दबाव, जिससे उसे परिवार के साथ सुसाइड करना पड़े. उसने पुलिस को बताया कि इन दिनों मनीष एक तांत्रिक के संपर्क में था.
अमित के मुताबिक उसका चचेरा भाई मनीष मारण मंत्र सीख रहा था. वह तांत्रिक के साथ इसी मंत्र पर प्रयोग कर रहा था. उसने इस संबंध में चर्चा तो की थी, लेकिन उसने कभी नहीं बताया कि आखिर वह इस मंत्र का प्रयोग किसके ऊपर करने वाला था. पुलिस को आशंका है कि मनीष किसी से बदला लेना चाहता था. इसलिए उसने तंत्र मंत्र की शरण ली थी. वह उस व्यक्ति से झगड़ा करने या मारपीट करने के बजाय मंत्रों से ही प्रहार करने की तैयारी कर रहा था.
ये है मामला
मथुरा के खप्परपुर गांव में सोमवार की रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी. इनमें घर का मुखिया मनीष, उसकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों लोगों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हालांकि जैसे जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, कहानी और उलझती जा रही है. रिश्तेदारों और परिवार के अन्य लोगों से पूछताछ में पुलिस को अब नया एंगल मिला है और इसी एंगल के आधार पर पुलिस ने एक तांत्रिक को हिरासत में लिया है.
सुसाइड नोट में छिपा रहस्य
पुलिस के मुताबिक मनीष ने मरने से पहले दीवार पर एक सुसाइड नोट लिखा है. इसमें लिखा है कि ‘हम लोग अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहे हैं’. पुलिस के मुताबिक इस सुसाइड नोट जैसा नजर आ रहा है, वैसा है नहीं, इसमें भी रहस्य है. इसके अलावा मनीष का एक वीडियो भी संदेह के दायरे में है. यह वीडियो मरने से ठीक पहले बनाया गया है. पुलिस ने फिलहाल सुसाइड नोट और इस वीडियो के आधार पर मामले की छानबीन तेज कर दी है. इसी क्रम में पुलिस तांत्रिक की कुंडली भी खंगाल रही है.
