भाई ने बताई बहन की तकलीफ तो CM योगी ने तुरंत भिजवाया अस्पताल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार को संवेदनशीलता की तस्वीर देखने को मिली. अयोध्या से पहुंचे श्याम सोनकर ने अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन बबिता के इलाज की समस्या मुख्यमंत्री को बताई. आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलते ही सीएम योगी ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया. इसके बाद बबिता को मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार को संवेदनशीलता की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया. अयोध्या से पहुंचे एक भाई ने अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन के इलाज की समस्या मुख्यमंत्री को बताई तो सीएम योगी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. पीड़िता को मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू हो गया.
अयोध्या से जनता दर्शन में पहुंचे श्याम सोनकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि उनकी बहन बबिता कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं. डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया था. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज को लेकर परिजन परेशान थे. भाई की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल पीड़िता को लोहिया अस्पताल भेजने के निर्देश दिए.
बहन के भर्ती होते ही भाई की आंखों में आए आंसू
इसके बाद मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए बबिता को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार शुरू हो गया. बहन के अस्पताल पहुंचने और इलाज शुरू होने की जानकारी मिलते ही श्याम सोनकर ने राहत की सांस ली. उन्होंने डॉक्टरों को अपनी बहन की बीमारी और अब तक हुए इलाज के बारे में जानकारी दी. इलाज की प्रक्रिया शुरू होने के बाद श्याम भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए.
‘धन की कमी से नहीं रुकेगा किसी का इलाज’
श्याम ने मुख्यमंत्री आवास पर फोन कर बहन के भर्ती होने और इलाज शुरू होने की जानकारी दी. साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार भी जताया. जनता दर्शन में कई अन्य लोग भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा.सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से संबंधित एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मुहैया कराई जा सके.
बच्ची से बात कर माहौल हुआ खुशनुमा
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री का एक अलग मानवीय अंदाज भी देखने को मिला. एक मासूम बच्ची अपनी मां के साथ फरियाद लेकर पहुंची थी. मुख्यमंत्री ने पहले उसकी मां की समस्या सुनी और इसके बाद बच्ची से बातचीत करने लगे. सीएम योगी ने बच्ची को दुलारा-पुचकारा और उसके लिए चॉकलेट मंगवाई. मुख्यमंत्री के हाथ में चॉकलेट देखकर बच्ची खिलखिला उठी. कुछ ही देर में जनता दर्शन का माहौल भी खुशनुमा हो गया.
