‘PDA का P कभी पिछड़ा तो कभी पंडित, एक दिन पाकिस्तान कर देंगे’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सपा के PDA फॉर्मूले और नेताओं के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता. योगी ने अखिलेश यादव पर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि नहीं देने को लेकर भी सवाल उठाए.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में सीएम योगी ने सपा के पीडीए और पार्टी नेताओं के बयानों को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा के लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और उनके बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पीडीए को ये लोग कैसे परिभाषित करते हैं? कभी इनका P पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया. देखना, एक दिन ये लोग P से पाकिस्तान कर देंगे.’ सीएम योगी ने सपा नेताओं की तुलना गिद्ध से करते हुए कहा कि ये ऐसे गिद्ध हैं, जिस पेड़ पर चढ़ेंगे, उसको ही सुखा डालेंगे. उन्होंने कहा कि सपा के लोग कब क्या बोल दें, इसका कोई भरोसा नहीं है.
मायावती ने दी श्रद्धांजलि, सपा मुखिया पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कल्याण सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सामान्य शिष्टाचार और संस्कार के तहत मायावती ने आकर बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा मुखिया ने प्रत्यक्ष रूप से श्रद्धांजलि देना तो दूर, शब्दों से भी कुछ व्यक्त नहीं किया. सीएम ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है. उन्होंने इसे हिंदू समाज की भावनाओं से जोड़ते हुए कहा कि कल्याण सिंह का जीवन सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव के लिए समर्पित था.
‘कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता’
राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के उस कथन को याद किया कि कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता. सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी दबाव में आकर काम करने वाले व्यक्ति नहीं थे. राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया था कि संघर्ष स्वीकार है और सत्ता चली जाए, यह भी स्वीकार है, लेकिन भगवान श्रीराम का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह ने सत्ता की चिंता किए बिना राम जन्मभूमि आंदोलन का समर्थन किया और रामभक्तों पर गोली न चलाने का निर्णय लिया. आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर और रामलला के विराजमान होने के समय कल्याण सिंह की स्मृति स्वाभाविक रूप से सामने आती है.
सपा पर महापुरुषों के नाम हटाने का आरोप
सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर महापुरुषों के नाम हटाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व ने केवल कल्याण सिंह के निधन के समय उनका अपमान नहीं किया, बल्कि महापुरुषों का अपमान करना उसकी आदत रही है. मुख्यमंत्री ने कन्नौज के सरकारी मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार में वहां से डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम हटा दिया गया था, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज को बाबा साहेब के नाम से जोड़ा.
‘भारत के सनातन मूल्य और आदर्श सर्वोपरि’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन हर उस भारतीय के लिए प्रेरणा है, जिसके लिए देश सर्वोपरि है और भारत के सनातन मूल्य एवं आदर्श सर्वोच्च हैं. उन्होंने कहा कि बड़ा व्यक्ति पद से नहीं, बल्कि अपनी सोच, कर्म और सिद्धांतों से बड़ा बनता है. अतरौली के सामान्य किसान परिवार में जन्मे कल्याण सिंह अपनी कर्मठता, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और देश के प्रति समर्पण के कारण आगे बढ़े.
‘बाबूजी ने यूपी को दी पहचान’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी और युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा करने वाली राजनीति के खिलाफ बेहतर माहौल बनाने का काम किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहले कैंसर संस्थान में कल्याण सिंह की प्रतिमा और उनके नामकरण को देखा जा सकता है. बुलंदशहर के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम भी कल्याण सिंह के नाम पर किया गया है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कल्याण सिंह ने जो भूमिका निभाई, उसने राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह की स्मृतियों को जीवित रखना और उनकी परंपरा को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है.
