‘जिसके अंदर भारत का DNA उसके आदर्श राम’, अखिलेश को CM योगी का जवाब

लखनऊ में आयोजित जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की राम कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम को भारतीय समाज और संस्कृति को जोड़ने वाली सबसे बड़ी शक्ति बताया. उन्होंने कहा कि राम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पहचान के आधार हैं. अपने संबोधन में उन्होंने लव जिहाद, लैंड जिहाद, नारी सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों जैसे मुद्दों पर भी बात की.

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की राम कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Credit:

लखनऊ में चल रही जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की राम कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम को भारतीय समाज को जोड़ने वाली सबसे बड़ी शक्ति बताया. सीएम योगी ने राम मंदिर आंदोलन, लव जिहाद, लैंड जिहाद और सांस्कृतिक पहचान जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि भगवान राम उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक पूरे भारत को जोड़ने का सामर्थ्य रखते हैं… जिसके अंदर भारत का DNA उसके आदर्श राम हैं.

राम कथा के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान राम केवल एक धार्मिक आस्था नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं, उन्होंने कहा कि राम नाम वह सूत्र है जो पूरे भारत को एक साथ जोड़ सकता है. सीएम योगी ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि राम भक्तों ने पांच सौ वर्षों तक संघर्ष किया, अंततः वर्ष 2019 में सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला देते हुए माना कि जहां रामलला विराजमान हैं, वही उनकी जन्मभूमि है.

‘आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रश्न था राम मंदिर आंदोलन’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन केवल एक धार्मिक आंदोलन नहीं था, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रश्न था. उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य के योगदान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालय में उनके ऐतिहासिक बयान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अपने संबोधन में सीएम योगी ने माता सीता के अपहरण और भगवान राम के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नारी सम्मान और उसकी रक्षा का सर्वोत्तम उदाहरण है.

लव जिहाद और लैंड जिहाद पर क्या बोले CM योगी?

लव जिहाद का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धार्मिक जनसांख्यिकी बदलने की साजिशों को समय रहते पहचानना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 में इसके खिलाफ सख्त कानून बनाया और समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है. सीएम योगी ने लैंड जिहाद का भी जिक्र किया और कहा कि भारत उन लोगों के लिए धर्मशाला नहीं बन सकता जो देश की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों का सम्मान नहीं करते.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतिहास गवाह है कि रावण जैसा शक्तिशाली व्यक्ति भी अपने अहंकार और अधर्म के कारण समाप्त हो गया, जबकि हनुमान और विभीषण जैसे पात्र भगवान राम के साथ जुड़कर लोकपूज्य बन गए. उन्होंने कहा कि जब भी समाज राम के आदर्शों का अनुसरण करेगा, तब वह एकता, न्याय और सांस्कृतिक गौरव के मार्ग पर आगे बढ़ेगा.

Follow Us