लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक चलेगी रैपिड रेल, CM योगी का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव को औपचारिक रूप से स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) का हिस्सा बनाने का ऐलान किया है. उन्नाव में 570 करोड़ रुपये की 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इस परियोजना से लाखों यात्रियों को तेज और सुविधाजनक सफर मिलेगा, जबकि उन्नाव एक बड़े ट्रांजिट और आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उन्नाव को अब औपचारिक रूप से स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) का हिस्सा बना दिया गया है. इसके साथ ही सीएम योगी ने ऐलान किया कि लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल चलाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में विकास की नई धारा राजधानी लखनऊ से निकलकर उन्नाव के रास्ते कानपुर तक पहुंचेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम में 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया. सीएम योगी ने कहा कि देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली से मेरठ तक संचालित हो रही है और उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी नई परिवहन व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली से मेरठ तक पहुंची है. इसी प्रकार लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. यदि यह परियोजना साकार होती है तो इससे लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही उन्नाव एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित होगा.’
क्या है स्टेट कैपिटल रीजन?
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्नाव अब स्टेट कैपिटल रीजन का हिस्सा बन गया है. इसके तहत राजधानी क्षेत्र के आसपास के जिलों का संतुलित और योजनाबद्ध विकास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि चारों ओर रिंग रोड का निर्माण होगा और लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली जैसे जिले आपस में बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए जुड़ेंगे. इन जिलों में औद्योगिक निवेश, शहरी विकास, परिवहन सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा.
सीएम योगी ने कहा कि वर्षों पहले सांसद साक्षी महाराज ने उनसे कहा था कि लखनऊ और कानपुर के बीच होने के बावजूद उन्नाव खुद को उपेक्षित महसूस करता है. तब मैंने भरोसा दिलाया था कि विकास की हर बड़ी योजना उन्नाव तक पहुंचेगी. उन्होंने कहा, ‘हम उन्नाव को कभी पिछड़ने नहीं देंगे. आज उन्नाव की कनेक्टिविटी हर दिशा में फोरलेन सड़कों से हो चुकी है… गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से उन्नाव के लोग अब लखनऊ को बाईपास करते हुए सीधे दिल्ली और प्रयागराज तक पहुंच सकते हैं.’
डिफेंस कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल क्लस्टर से बढ़ेंगे रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि डिफेंस कॉरिडोर के लिए लगभग 700 एकड़ भूमि तैयार की गई है और इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए करीब 200 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है. उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी में यूपी सबसे आगे है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने गरीबों और आम जनता के बजाय परिवारवाद की राजनीति की. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने नेहरू-गांधी परिवार से बाहर कभी नहीं सोचा और समाजवादी पार्टी के लिए केवल सैफई ही परिवार था.’ सीएम ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश में माफियाराज और अराजकता का माहौल था.
