यूपी में जलजीवन मिशन के 12 इंजीनियर को एक साथ कर दिया गया सस्पेंड, जाने क्यों योगी सरकार ने लिया ऐसा सख्त फैसला
ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने ‘जल जीवन मिशन’ परियोजना के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 12 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है. इसके अलावा अन्य 14 इंजीनियर्स के के खिलाफ जांच, नोटिस और तबादले के आदेश दिए गए हैं.
उत्तर प्रदेश के ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने काम में लापरवाही बरतने वाले इंजीनियरों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है. विभाग ने ‘जल जीवन मिशन’ परियोजना के कार्यों में लेटलतीफी, लापरवाही करने वाले 12 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है. तीन अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. वहीं चार अधिशासी अभियंता के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही विभिन्न योजनाओं से शिकायत मिलने के बाद सात इंजीनियरों का तबादला कर दिया गया है. कुल मिलाकर 26 इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
कर्मचारियों ने नहीं बदली कार्यशैली तो होगी कार्रवाई
नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए मिशन मोड पर काम कर रही है. इसमें किसी तरह की लापरवाही कर्मचारियों की तरफ से बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कर्मचारियों के कार्यशैली में सुधार नहीं करने पर उनकी बर्खास्तगी का एक्शन लिया जाएगा. प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं उत्तरवायित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इन 12 इंजीनियर्स को किया गया निलंबित
जल निगम ग्रामीण विभाग ने जिन कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है, उसमें लखीमपुर खीरी के अधिशासी अभियंता अविनाश गुप्ता, जौनपुर के अधिशासी अभियंता सौमित्र श्रीवास्तव, गाजीपुर के अधिशासी अभियंता मो. कासिम हाशमी, चंदौली के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता अमित राजपूत, चंदौली के सहायक अभियंता सीताराम यादव, बिजनौर के सहायक अभियंता अकबर हसन, औरैया के जूनियर इंजिनियर अनुराग गोयल, हाथरस के कुलदीप कुमार सिंह, आजमगढ़ के राजेंद्र कुमार यादव, बरेली के रूप चंद्र, बाराबंकी के जूनियर इंजिनियर अवनीश प्रताप सिंह और कुशीनगर के कार्यवाहक खंडीय लेखाकार धर्मप्रकाश महेश्वरी शामिल हैं.
4 इंजीनियर को जांच के आदेश, 3 को कारण बताओ नोटिस
जल निगम ग्रामीण विभाग ने चार इंजीनियरों के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच के आदेश दिए हैं. इसमें औरैया के अधिशासी अभियंता अमन यादव, मैनपुरी के अधिशासी अभियंता अंकित यादव, प्रयागराज के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुट्टी, शामली के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता फूल सिंह यादव शामिल हैं. इसके अलावा तीन गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता भारत भूषण, आगरा में तैनात अमित कुमार और मिर्जापुर में तैनात राजेश कुमार गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
7 इंजीनियरों का तबादला
सहायक अभियंता विपिन कुमार वर्मा को प्रतापगढ़ से चंदौली स्थानांतरित कर दिया गया है. रामपुर में तैनात मोहम्मद असजद को रामपुर से चंदौली, प्रदीप कुमार मिश्रा को बाराबंकी से बिजनौर, उदयराज गुप्ता को चंदौली से रामपुर, अमित कुमार को शामली से बाराबंकी, चंद्र बोध त्यागी को मैनपुरी से आजमगढ़ और जूनियर इंजीनियर अजय कुमार को कौशांबी से आजमगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया है.