भूपेन्द्र चौधरी को MSME तो मनोज पांडेय को खाद्य रसद, यूपी में नए मंत्रियों को मिले विभाग

उत्तर प्रदेश में हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद 8 नए मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए गए हैं. इनमें 6 नए चेहरे और 2 पदोन्नत मंत्री शामिल हैं. भूपेन्द्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) और मनोज पाण्डेय को खाद्य एवं रसद विभाग मिला है. जानें अन्य मंत्रियों को कौन से विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश में हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद रविवार देर शाम 8 नए मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए गए हैं. राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने आधिकारिक सूची जारी की है. इनमें 6 नए चेहरे और 2 पदोन्नत मंत्री शामिल हैं. कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) और मनोज पाण्डेय को खाद्य एवं रसद विभाग मिला है.

योगी मंत्रिमंडल में दूसरा बड़ा विस्तार 10 मई को हुआ था, जिसमें 6 नए चेहरे समेत 8 मंत्रियों ने शपथ ली थी. बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी ने नई दिल्ली का दौरा किया था, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, अचानक हुए इस दौरे में विभागों के बंटवारे को लेकर अंतिम चर्चा हुई थी.

इन 6 राज्य मंत्रियों को इस विभाग की जिम्मेदारी

वहीं, अब मंत्रिमंडल विस्तार के सात दिन बाद 8 नए मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिया गया है. जारी लिस्ट के मुताबिक, दो नए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) में अजीत सिंह पाल को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और सोमेन्द्र तोमर को राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

वहीं, राज्य मंत्रियों में कृष्णा पासवान राज्य मंत्री को पशुधन एवं दुग्ध विकास, कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, सुरेंद्र दिलेर को राजस्व और हंस राज विश्वकर्मा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग मिला है. सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पूरी कैबिनेट की पहली आधिकारिक बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली है.

नए मंत्रियों को पहले ही कार्यालय आवंटित हुआ

वहीं, योगी मंत्रिमंडल में विस्तार के बाद नए मंत्रियों को पहले ही कार्यालय आवंटित कर दिया गया था. कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को विधान भवन में कक्ष संख्या 82बी दिया गया है. वहीं, मनोज पांडेय को बापू भवन के 8वें टल पर कार्यालय आवंटित किया गया है. राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर को बापू भवन के चौथे तल पर दफ्तर मिला है.

वहीं, अजीत सिंह पाल को भी बापू भवन के तीसरे तल पर कमरा दिया गया है. इसके अलावा राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर बापू भवन के छठे तल पर बैठे हुए मिलेंगे. हंसराज विश्वकर्मा को भी इसी भवन के तीसरे टल पर कमरा दिया गया है. वहीं,कृष्णा पासवान को विज्ञान भवन में कक्ष संख्या एफ-34 आवंटित किया गया है.

Follow Us