महंत नृत्य गोपालदास ने CM योगी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, बोले- बदल दी UP और अयोध्या की तस्वीर

महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने यूपी और अयोध्या की तस्वीर बदल दी.एक संत और जननेता के रूप में प्रदेश को नई दिशा प्रदान की है. उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है.

सीएम योगी और महंत नृत्य गोपालदास महाराज (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और अयोध्या के मणिराम दास की छावनी के पीठाधीश्वर संत शिरोमणि महंत नृत्य गोपालदास ने योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.

‘सीएम योगी ने प्रदेश नई दिशा दी’

महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि ‘योगी आदित्यनाथ ने एक संत और जननेता के रूप में प्रदेश को नई दिशा दी. उनके नेतृत्व में प्रदेश ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के क्षेत्र में खूब प्रगति की है. उनकी कार्यशैली जनकल्याण, राष्ट्रसेवा और सनातन मूल्यों के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखलाती है.’

‘भव्य मंदिर के निर्माण में सीएम योगी की भूमिका अहम’

महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने आगे कहा कि ‘अयोध्या धाम के विकास और श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के ऐतिहासिक कार्य में सीएम योगी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही. उनके नेतृत्व में अयोध्या की पहचान एक धार्मिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि श्विक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के तौर पर भी हो रही. देश-विदेश से आने वाले भक्तों के लिए अयोध्या में विकसित की गईं आधुनिक सुविधाएं और भव्य अधोसंरचना प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है.’

‘धार्मिक पर्यटनों को बढ़ावा देने का काम सराहनीय’

महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने कहा कि ‘सीएम योगी आदित्यनाथ ने संत समाज के सम्मान, धार्मिक स्थलों के विकास के साथ ही भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार काम किया. प्रदेश में लगातार उनके द्वारा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ -साथ पुरानी परंपराओं को संरक्षित करने का उनका काम तारीफ योग्य है. सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश, देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाते जा रहा है.’

महंत नृत्य गोपालदास ने सीएम योगी के लिए की प्रार्थना

महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने कहा कि ‘वह भगवान श्रीराम, माता जानकी और संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हैं. ईश्वर उन्हें जनसेवा के इस महान कार्य को और अधिक ऊर्जा, समर्पण तथा सफलता के साथ आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करें.’

‘सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचेगा’

महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने विश्वास जताते हुए कहा कि ‘योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के क्षेत्र में खूब ऊंचाइयों पर जाएगा. प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.’

Follow Us