मनोनीत पार्षदों के सम्मान में बजे थप्पड़! BJP ऑफिस में बवाल, जानें क्या है मामला
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज स्थित BJP दफ्तर में मनोनीत पार्षदों के सम्मान समारोह में बवाल हो गया. एक महिला ने कथित LIC धोखाधड़ी के आरोप में एक नेता को थप्पड़ जड़ दिया. महिला का आरोप है कि नेता ने साढ़े चार लाख रुपये की किस्तें हड़प लीं हैं. पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले. यह घटना नौतनवा पार्टी कार्यालय में हुई, जिससे हड़कंप मच गया.
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज स्थित बीजेपी दफ्तर में बुधवार को बवाल हो गया. इस दफ्तर में मनोनीत पार्षदों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. पार्षदों को फूल माला पहनाने का कार्यक्रम शुरू ही हुआ था कि वहां एक महिला पहुंच गई और नेता जी का कॉलर पकड़कर तमाचा जड़ दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया. हालांकि बीजेपी नेताओं ने बाद में बीच बचाव किया. इतने में पहुंची पुलिस महिला को हिरासत में लेकर बीजेपी ऑफिस से बाहर चली गई. मामला नौतनवा स्थित पार्टी कार्यालय का है.
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. महिला के मुताबिक बीजेपी नेता एलआईसी का एजेंट है. पिछले दिनों उसने इस नेता से पॉलिसी कराई और अब तक किश्त जमा करने के लिए इस बीजेपी नेता को करीब साढ़े चार लाख रुपये दे दिए. महिला का आरोप है कि इस नेता ने किश्त के पैसे जमा करने के बाद खुद डकार गया. मामला सामने आने के बाद वह उसने तगादा शुरू किया तो यह टाल मटोल करने लगा. ऐसे में वह अपने बेटे के साथ सीधे इस कार्यक्रम में पहुंची और सबके सामने ही उसे पकड़ लिया.
कॉलर पकड़ कर घसीटने लगी महिला
मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के मुताबिक महिला कार्यक्रम में आई और सीधे एक व्यक्ति के पास पहुंचकर उसका कॉलर पकड़ लिया और घसीटते हुए बाहर ले जाने लगी. यह देखकर उस व्यक्ति ने विरोध किया तो महिला ने थप्पड़ मार दिया. इस दौरान अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव की कोशिश की तो महिला ने चप्पल निकाल लिया. इतने में पहुंची पुलिस टीम ने बड़ी मुश्किल से हालात को संभाला. इसके बाद पार्टी का कार्यक्रम शुरू हो सका.
पूर्व जिलाध्यक्ष ने दी सफाई
पार्टी कार्यालय में करीब घंटे भर चले इस बवाल को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने सफाई दी है. उन्होंने बताया कि मनोनीत सभासद एवं मंडल अध्यक्षों के स्वागत कार्यक्रम में यह घटना हुई है. इस घटना के पीछे कोई लेनदेन का विवाद है. यदि पहले इस विवाद की जानकारी मिल गई होती तो ऐसी नौबत नहीं आती. उन्होंने कहा कि दोनों लोग भाजपा के ही हैं. पार्टी पदाधिकारियों का प्रयास होगा कि जल्द से जल्द इस मामले का समाधान करा दिया जाए.