अंधविश्वास या मानसिक बीमारी! बुजुर्ग पर आया ‘महिषासुर’, खाने लगा चारा; मनौती मांगने लगे लोग

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में नाग पंचमी पर एक बुजुर्ग का जानवरों की तरह चारा खाने का वीडियो वायरल हुआ है. लोग इसे 'महिषासुर' का प्रवेश मानकर मनौती मांग रहे हैं. यह घटना अंधविश्वास, मानसिक बीमारी या चमत्कार है, इस पर बहस छिड़ गई है. विशेषज्ञों की राय का इंतजार है, लेकिन स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ रही है.

बुजुर्ग के चारा खाने का वीडियो वायरल Image Credit:

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग नाग पंचमी के दिन अचानक अजीब हरकते करने लगा. जानवरों के नाद में जानवरों की तरह ही मुंह डालकर चारा खाने लगा. दावा किया जा रहा है कि बीते तीन चार सालों से इस बुजुर्ग के शरीर में महिषासुर प्रवेश कर जाता है. इसकी वजह से वह अजीबोगरीब हरकतें करने लगता है. अब यह अंधविश्वास है या मानसिक बीमारी, यह तो पता नहीं, लेकिन खबर फैलते ही इस बुजुर्ग के दर्शन करने और मनौती मांगने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी.

मामला महाराजगंज में कोल्हुई थाना क्षेत्र के रुद्रपुर शिवनाथ गांव का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक इस गांव में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग बुधिराम यूपी रोडवेज में नौकरी करते थे. रिटायरमेंट के बाद वह गांव में अपने परिवार के साथ रहते हैं. दावा किया जा रहा है कि हर साल नाग पंचमी के दिन उसके सिर पर महिषासुर राक्षस सवार हो जाता है. इसके बाद वह भैंसे जैसी हरकतें करने लगते हैं. नाद में मुंह डालकर जानवरों की तरह चारा खाते हैं और आसपास आने वालों को सिंग मारने की कोशिश करते हैं.

वायरल हो रहा वीडियो

इस नाग पंचमी को बुधिराम के शरीर पर महिषासुर के आने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह भैंसों की तरह में नाद में मुंह डालकर ना केवल चारा और भूसा खा रहे हैं, बल्कि जानवरों की तरह जुगाली भी कर रहे हैं. खबर फैलते ही गांव के ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों से लोग उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़े. कई लोग तो वहीं पर पूजा पाठकर मनौती भी मांगने लगे. ग्रामीणों का कहना है कि बुधिराम को इस स्थिति में दर्शन कर मनौती मांगने वालों की मुरादा पूरी होती है.

अंधविश्वास या बीमारी?

सोशल मीडिया में कुछ लोग बुधिराम की इस हरकत को चमत्कार बता रहे हैं. वहीं बड़ी संख्या में लोग इसे अंधविश्वास तो कुछ लोग इसे उनकी मानसिक बीमारी बता रहे हैं. फिलहाल इन तीनों बिंदुओं पर खूब चर्चा हो रही है और लोग इसे अपनी अपनी सोच के हिसाब से फ्रेम करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि अभी तक इस संबंध में मनोरोग विशेषज्ञ या किसी जानकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Follow Us