गाजियाबाद में 10 हजार लोगों को मिलेंगे PM आवास के फ्लैट, सितंबर से आवंटन की तैयारी

गाजियाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों का घर का सपना जल्द पूरा होगा. GDA ने 30 अगस्त तक लगभग 10,000 फ्लैटों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है. वहीं, सितंबर से पात्र लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से फ्लैटों का आवंटन और कब्जा दिया जाएगा.

गाजियाबाद में PM आवास का बड़ा अपडेट

गाजियाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हजारों परिवारों का अपने घर का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने लक्ष्य तय किया है कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं का काम 30 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए, ताकि सितंबर से लाभार्थियों को फ्लैटों का आवंटन और कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जा सके.

जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत करीब 10 हजार फ्लैट लाभार्थियों को मिलने हैं. इन फ्लैटों में जीडीए की विभिन्न परियोजनाओं के साथ-साथ निजी बिल्डरों द्वारा तैयार किए गए आवास भी शामिल हैं. जीडीए के अधिकारी लगातार परियोजनाओं की निगरानी कर रहे हैं और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

मधुबन बापूधाम परियोजना में 856 फ्लैट तैयार

जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने निजी बिल्डरों की परियोजनाओं की भी समीक्षा की है. उन्होंने बताया कि प्राइवेट बिल्डरों की 11 स्वीकृत परियोजना में 5 पूरी हो चुकी हैं. जबकि 6 परियोजना के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 30 अगस्त का लक्ष्य दिया गया है. इस लक्ष्य से पहले ही सभी प्राइवेट बिल्डरों को निर्माण और विकास कार्य पूरा करना होगा.

उन्होंने बताया कि मधुबन बापूधाम परियोजना के तहत 856 फ्लैट तैयार किए गए हैं. प्राधिकरण लाभार्थियों के नाम इनकी रजिस्ट्री करा रहा है. रजिस्ट्री पूरी होने के बाद लाभार्थियों को कब्जा पत्र जारी किया जाएगा. इसके अलावा डासना, प्रताप विहार, नूरनगर और निवाड़ी में भी आवासीय परियोजनाओं का निर्माण तेजी से चल रहा है.

हजारों परिवारों को मिलेगा अपना आशियाना

जीडीए अधिकारियों का कहना है कि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. जीडीए का उद्देश्य है कि सितंबर के दौरान पात्र लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से फ्लैटों का आवंटन और कब्जा दिया जाए. इससे हजारों परिवारों को अपना स्थायी आशियाना मिलेगा.

Follow Us