महोबा में सरेआम युवक के हाथ-पैर काटे, बोला- कोई मलाल नहीं; BJP नेता समेत 5 पर FIR

महोबा में बेखौफ दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को झांसी रेफर किया गया है. इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जो कहता है उसे कोई मलाल नहीं है.

महोबा: जानलेवा हमला में बीजेपी नेता समेत पांच पर FIR

महोबा में बेखौफ दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. यह वारदात शहर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे स्थित चंदेल पेट्रोल पंप के पास हुई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, समद नगर निवासी 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप जा रहे थे. आरोप है कि पेट्रोल पंप पहुंचने से पहले ही पड़ोस के रहने वाले कुछ दबंगों ने उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद धारदार हथियार से युवक के हाथ-पैर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए.

मौके से एक गिरफ्तार, बोला- कोई मलाल नहीं

सरेआम हुई इस जघन्य वारदात से इलाके में सनसनी फ़ैल गई. घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर रविकांत गौंड और अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह मौके पर पहुंचे और एक आरोपी को घटनास्थल से हिरासत में लिया. रोहित बेड़िया नामक आरोपी पुलिस के सामने बेखौफ होकर कहता है ‘फांसी भी हो जाए तो कोई मलाल नहीं है, वह अच्छा आदमी नहीं था.’

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से मारपीट की सूचना मिली थी. बताया गया था कि घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना को एक परिचित व्यक्ति ने अंजाम दिया है.

BJP युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी समेत 5 पर FIR

पीड़ित के परिजनों ने कुछ दिनों पहले शहर में ‘बटेंगे तो कटेंगे’ का पोस्टर लगाने वाले बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है. परिजनों की तहरीर पर शहर कोतवाली में बीजेपी युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी शिवप्रताप सिंह परमार, रोहित बेड़िया, छुट्टू बेड़िया और दो अज्ञात समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 109(1) और 118(2) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है. पुलिस ने बताया कि आरोपी रोहित बेड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, रोहित बेड़िया का घटना पर बयान भी चर्चा में है.

रिपोर्ट- विराग पचौरी, टीवी9, महोबा

Follow Us