देवर ही निकला भाभी का कातिल, हत्या के लिए दो भांजों को दी थी 80 हजार की सुपारी

सहारनपुर में देवर ने ही अपनी भाभी की हत्या की साजिश रची थी. पुलिस के अनुसार, देवर ने अपने दो भांजों के साथ मिलकर यह वारदात की. वह अपनी भाभी को जमीन बेचने से रोकना चाहता था. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त रॉड भी बरामद की है.

जमीन के लालच में देवर ने भांजे के साथ मिलकर भाभी की हत्या की

सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने चार दिन के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही देवर ने दो भांजों के साथ मिलकर की थी. जांच में हत्या के पीछे 80 हजार रुपये और पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश सामने आई है.

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को राकेश पुत्र सुरेशपाल ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी बहन रीना की 10-11 जुलाई की रात अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है. इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले. इसके बाद मुखबिर की सूचना पर निहालखेड़ी के जंगल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

भाभी जमीन बेचकर कहीं और बसना चाहती थी

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र प्रकाश निवासी निहालखेड़ी, अंकित और अंकुर पुत्र वेदपाल निवासी कोटा भारापुर, थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है. पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी रवि ने कई खुलासे किए.

आरोपी रवि ने पुलिस को बताया कि उसका भाई अर्जुन करीब चार-पांच साल पहले मर चुका था. भाई की मौत के बाद उसकी संपत्ति बेटे सूर्य के नाम हो गई थी, लेकिन करीब चार-पांच माह पहले सूर्य की भी मौत हो गई. इसके बाद उसकी भाभी रीना .अपने हिस्से की जमीन और मकान बेचकर कहीं और बसना चाहती थी, इसकी बात को लेकर विवाद चल रहा था.

भांजे के साथ भाभी को हटाने की बनाई योजना

आरोपी रवि के मुताबिक, उसने अपनी भाभी रीना को ऐसा करने से मना किया, लेकिन दोनों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद उसने संपत्ति पर कब्जा करने के लिए भाभी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली. 7 जुलाई को वह एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने कोटा भारापुर गया, जहां उसने अपने भांजों अंकित और अंकुर को हत्या की योजना बताई.

मामला की बात पर दोनों भांजे 80 हजार रुपये के लालच में योजना में शामिल होने की हामी भर दी. योजना के मुताबिक, 10 जुलाई की रात अंकित और अंकुर निहालखेड़ी पहुंचे. देर रात तीनों चुपचाप रीना के कमरे में घुस गए, जहां वह सो रही थी. आरोपियों ने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गए.

देवबंद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि के खिलाफ 2020 में भी गैर इरादतन हत्या का एक मामला दर्ज है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Follow Us