महोबा में काल बना पानी से भरा गड्ढा! खेलते समय डूबे 3 बच्चे, गांव में पसरा मातम

यूपी के महोबा में खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की दुखद मौत हो गई. इनमें चचेरे भाई-बहन भी शामिल थे. तीनों घर से खेलने के लिए नकले थे. चरखारी थाना क्षेत्र के रिवई गांव में हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है.

खेलते समय पानी के गड्ढे में डूबने से 3 बच्चों की मौत

महोबा में खेलते-खेलते तीन मासूम बच्चों की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में चचेरे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की जान चली गई. एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. यह ह्दयविदारक घटना महोबा के चरखारी थाना क्षेत्र में आने वाले रिवई गांव की है.

जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले जियालाल की 9 वर्षीय बेटी रोशनी अपने चचेरे भाई 10 वर्षीय अंशुल और 11 साल के प्रिंस के साथ मॉडल इंटर कॉलेज के पीछे खेल रही थी. इसी दौरान तीनों बच्चे वहां बने गहरे गड्ढे में गिर गए. बताया जा रहा है कि मिट्टी निकालने के लिए खोदा गया यह गड्ढा बारिश के पानी से भर गया था.

चौकी इंचार्ज ने पानी में कूदकर बाहर निकाला

परिजनों के मुताबिक, तीनों बच्चे घर से खेलने निकले थे, काफी देर तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो चिंता हुई. इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई, खोजबीन के दौरान पानी से भरे गड्ढे में तीनों बच्चों के शव उतराते मिले.यह देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

रिवई पुलिस चौकी इंचार्ज सुजीत कुमार जायसवाल ने पानी में कूदकर बच्चों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अवनीश कुमार तिवारी और सीओ दीपक दुबे मौके पर पहुंचे और बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं.

परिवार में कोहराम, हादसे से सदमे में ग्रामीण

इस दुखद घटना में एकसाथ एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया है. पीड़ित परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस हादसे से सदमे में हैं. बहरहाल, पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है.

रिपोर्ट- विराग पचौरी, टीवी9, महोबा

Follow Us