मथुरा के बाजार में बेलगाम दौड़ा डंपर, कुचलकर युवक-बच्ची की मौत; सामने आया CCTV

मथुरा के औरंगाबाद बाजार में बेलगाम डंपर ने एक युवक और मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल है. यह दर्दनाक हादसा रविवार की सुबह उस समय हुआ जब बाजार में खरीदारी के लिए काफी भीड़ थी. हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया, जिसे पुलिस तलाश रही है.

मामले की जांच कर रही है पुलिस

उत्तर प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में एक बेलगाम डंपर ने एक युवक और मासूम बच्ची को कुचल दिया. इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई. आनन फानन में उसे मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. यह हादसा मथुरा के औरंगाबाद स्थित बाजार में रविवार सुबह का है. हादसे के वक्त बाजार में ये सभी लोग खरीदारी के लिए आए थे.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं डंपर को सीज कर दिया है. पुलिस के मुताबिक हादसे को अंजाम देकर डंपर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. जानकारी के मुताबिक, श्रीजी कॉलोनी औरंगाबाद में रहने वाले प्रशांत चौधरी रविवार की सुबह करीब 8 बजे अपनी मां गीता देवी के साथ बाजार में सामान खरीदने गए थे. उन्होंने खरीदारी अभी शुरू भी नहीं की थी कि यह हादसा हो गया.

छह साल की बच्ची की भी मौत

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक तेज रफ्तार में डंपर आया और देखते ही देखते उन दोनों को टक्कर मार दी. इस हादसे की चपेट में औरंगाबाद निवासी छह वर्षीय बच्ची भी आ गई. इससे उस बच्ची की भी मौके पर मौत हो गई. हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक हादसा ऐसे समय में हुआ, जब बाजार में काफी भीड़ थी. त्योहारों के लिए बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार में पहुंचे थे. ठीक उसी समय अचानक डंपर चालक तेजी से वाहन दौड़ाते आ गया और यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक गाड़ी रोक कर मौके से फरार हो गया. बाद में पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया है.

Follow Us