दानपात्र तोड़ा, पैसे बैग में भरे फिर हुआ फरार… मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में चोरी से हड़कंप

मथुरा के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में दानपात्र चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है. CCTV फुटेज में एक शातिर चोर साफ दिखाई दिया, जिसने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. फुटेज के आधार पर चोर की तलाश जारी है.

मथुरा द्वारकाधीश मंदिर में चोरी: CCTV में दिखा दानपात्र चोर

मथुरा के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में दानपात्र चोरी का मामला सामने आया है. घटना का पता सोमवार सुबह करीब 5 बजे मंदिर के कपाट खुलने पर चला. मुख्य द्वार पर रखे दानपात्र का ताला टूटा मिला, जिसके बाद मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि चोरी की घटना रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के बीच हुई. सुबह ड्यूटी पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड ने दानपात्र के टूटे ताले देखे और अधिकारियों को जानकारी दी. इस घटना के बाद मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है.

पहले रेकी फिर ताला तोड़कर चढ़ावे गायब

इस बीच घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में एक युवक बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है. उसके कंधे पर एक बैग टंगा है. वारदात से पहले वह कई बार इधर-उधर नजर दौड़ाता है और कुछ देर तक मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर मोबाइल चलाता रहता है.

इसके बाद आरोपी लोहे की छड़ से दानपात्र और उसके ताले को तोड़ता है. इसी दौरान रात करीब दो बजे पुलिस की एक बाइक गश्त करते हुए वहां से गुजरती है. पुलिस को देखकर आरोपी सामान्य व्यक्ति की तरह सीढ़ियों पर बैठ जाता है. गश्ती दल के आगे बढ़ते ही वह दोबारा दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी अपने बैग में भर लेता है.

एक साधु के पैर छूआ, फिर मौके से फरार

CCTV में कैद हुए दानपात्र चोरी फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि मंदिर के मुख्य द्वार पर एक साधु के पहुंचने पर आरोपी उनके पैर छूता है और फिर मौके से फरार हो जाता है. यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है.

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोशित हैं. उन्होंने मंदिर परिसर और बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us