पहले तीन बच्चों को खिलाया जहर, फिर पति-पत्नी ने भी दी जान… मथुरा में पूरा परिवार खत्म
मथुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहर खा लिया है. पांचों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार के पांचों सदस्यों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है.
मथुरा से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आ रही है. एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहर खा लिया है. पांचों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार के पांचों सदस्यों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है. मथुरा के थाना महावन क्षेत्र के खप्पर गांव का है मामला.
पुलिस के मुताबिक सबसे पहले पति-पत्नी अपने तीन बच्चों को जहर खिलाया. फिर खुद जहर खाकर जान दे दी. घटना की जानकारी से परिवार सहित गांव में मातम फैला हुआ है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल, पुलिस परिजनों और गांव वालों के बयान दर्ज कर रही है.
दूध में जहर मिलाकर पीने की बात आ रही सामने
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दूध में जहर मिलाकर पीने से सभी की मौत हुई है. इसकी जानकारी तब हुई जब पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे सुबह देर तक नहीं उठे. जब परिवार के अन्य सदस्यों ने जाकर देखा तो पाया सभी 5 सदस्य बेसुध पड़े हुए हैं. इसके अलावा मृतकों के कमरे के दीवार पर अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात भी सामने आ रही है.
पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी. एसएसपी श्लोक कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह पांच लोगों ने कमरे के अंदर आत्महत्या कर ली है. इनमें पति मनीष -पत्नी सीमा, एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं.
मृतक की तरफ से एक वीडियो भी बनाया गया है
उन्होंने आगे बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं. जिस कमरे में आत्महत्या की गई है, वहां दीवार पर लिखा हुआ मिला है कि हम खुद अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं. वहीं मृतक की तरफ से एक वीडियो भी बनाया गया है. हमने सभी साक्ष्यों को इकट्ठा कर लिया है.
मृतक के परिवार के एक अन्य सदस्य अमित का कहना है कि मनीष का परिवार खुशमिजाज था. फाइनेंशियल स्थिति भी ठीक थी. लेकिन इधर काफी वक्त से वह किसी बाबा से तंत्र विद्या सीखता था. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कहीं तांत्रिक के चक्कर में आकर परिवार ने तो सुसाइड तो नहीं कर लिया. पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है.
