आंधी-तूफान-बारिश और ओले; यूपी में अगले 24 घंटे आसमानी आफत का साया
प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंधी- बारिश और ओले गिरने की स्थिति बनी रहेगी. बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आकाशीय बिजली की चपेट में आने और दीवार गिरने से अलग-अलग स्थानों पर दस लोगों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
यूपी के अधिकांश जिलों में पिछले 3 दिनों से बारिश का दौड़ जारी है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार यानी 20 मार्च को भी प्रदेश में घने बादल छाए और बारिश हुई. इस दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा रही है.साथ ही सुबह-सुबह कोहरे की भी स्थिति देखी जा रही है.मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से प्रदेश में 21 से 25 मार्च तक उत्तर-पश्चिम में मौसम सुधरेगा.
तापमान में आई गिरावट
कुछ दिनों पहले प्रदेश में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच दर्ज की जा रही थी. मार्च महीने में भी गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया था. लोगों ने अपने गर्म कपड़े पैक कर अंदर रख दिए थे. लेकिन एक बार फिर मौसम बदला है. कई शहरों में अधिकतम तापमान गिरकर औसतन 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है.वहीं, न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री के पास दर्ज किया जा रहा है.
आकाशीय बिजली गिरने का खतरा
तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. लेकिन इससे सुबह और शाम के वक्त सिहरन का भी एहसास होने लगा है. आज यानी शनिवार को भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंधी- बारिश और ओले गिरने की स्थिति बनी रहेगी. बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आकाशीय बिजली की चपेट में आने और दीवार गिरने से अलग-अलग स्थानों पर दस लोगों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
वाराणसी रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला वाराणसी रहा. यहां अधिकतम तापमान गिरकर 37.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर प्रयागराज और बांदा में 37.2, सुल्तानपुर में 36.5 और फतेहपुर में 36.4 डिग्री पाया गया. वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो बुलंदशहर और अयोध्या सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पाया गया. फिर मेरठ में 16.2 और मुरादाबाद में 16.8 पाया गया.
