मथुरा में हाईवे पर खड़े डंपर में घुसी कार, 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौके पर हुई मौत; मची चीख पुकार

मथुरा में भीषण सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार कार खड़े डंपर से टकरा गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में दो बच्चों सहित चार लोगों की मौके पर मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. जैंत थाना क्षेत्र के NH-19 पर हुआ यह हादसा श्रद्धालुओं के साथ हुआ, जो बरसाना से लौट रहे थे.

मथुरा में बड़ा हादसा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में एक तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खड़े डंपर में घुस गई. हादसे में जहां कार बुरी तरह से क्षतिग्रसत हो गई, वहीं कार में सवार दो बच्चों समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में 5 अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मथुरा पुलिस के मुताबिक हादसा थाना जैंत क्षेत्र के नेशनल हाईवे-19 पर राम धर्म कांटा के पास का है. बताया जा रहा है कि बरसाना में राधा रानी के दर्शन कर कार में सवार श्रद्धालु महावन स्थित रमणरेती जा रहे थे. राम धर्म कांटा के पास उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार हाईवे किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. वहीं कार में सवार दो महिलाओं व दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

घायलों में तीन लोगों की हालत नाजुक

पुलिस के मुताबिक इस हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इनमें से तीन लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग मूल रूप से मध्य प्रदेश में भिंड जिले के दामो क्षेत्र के रहने वाले हैं. इनमें से मृतकों की पहचान रूबी (32), ज्योति (30), कान्हा (10) और रुद्र (4) के रूप में हुई है. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया.

पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल

सूचना मिलने पर पहुंची जैंत थाना पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नजदीकी सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने तीन घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई है. वहीं पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. इसी क्रम में घायलों और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. उनके आने पर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

Follow Us

Latest Stories